Delhi Crime News: दिल्ली के शाहदरा इलाके में शुक्रवार देर रात एक 27 वर्षीय युवक की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात उसके घर के पास ही हुई, और हैरानी की बात यह है कि युवक को उसके जन्मदिन से सिर्फ एक घंटे पहले निशाना बनाया गया। पुलिस के अनुसार, जिस व्यक्ति से वह झगड़ा सुलझाने के लिए मिला था, उसी ने उसे गले लगाने के बाद सिर में गोली मार दी।
मृतक की फाइल फोटो
घटना स्थल पर फैली दहशत
यह घटना रात करीब 11:09 बजे नवीन शाहदरा के वी ब्लॉक स्थित छोटू हलवाई दुकान के पास हुई। गोली चलने की सूचना मिलते ही शाहदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां युवक गगन को सिर में गोली लगी हालत में पाया गया। तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव को जीटीबी अस्पताल भेज दिया।
गले लगाया और सिर में गोली मार दी
परिवार के मुताबिक, गगन किसी दोस्त से मिलने नीचे आया था। उसके पिता रवि कुमार ने बताया, “गगन नीचे आया और जिस व्यक्ति से मिलने आया था, उसने पहले उसे गले लगाया और फिर उसके सिर में गोली मार दी। उसके बाद दो हवाई फायर किए। जब मैं नीचे आया तो मेरा बेटा उसी जगह पड़ा था। मुझे किसी झगड़े की जानकारी नहीं थी।” गगन शादीशुदा था और कुछ ही दिन पहले उसके यहां बेटे का जन्म हुआ था, बच्चा सिर्फ 10 दिन का है।
गैंगवार की आशंका, एक आरोपी हिरासत में
पुलिस जांच में सामने आया है कि गगन इलाके का ‘बैड कैरेक्टर’ था और हाल ही में उसका आरोपियों से विवाद हुआ था। संभव है कि उसी विवाद को निपटाने के लिए यह मुलाकात तय हुई हो। दोनों आरोपी बाइक से आए थे। पुलिस ने उनमें से एक को बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है। उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। फॉरेंसिक टीम, क्राइम टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके का निरीक्षण कर चुके हैं। जांच जारी है और पुलिस आगे की जानकारी जल्द जारी करेगी।
इनपुट-आईएएनएस
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
