Delhi-Mumbai Expressway: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे उद्घाटन होने के बाद से ही चर्चा में बना हुआ है। एक्सप्रेसवे के सोना से दौसा तक के खंड पर इस समय वाहन फर्राटा भर रहे हैं। इस एक्सप्रेसवे ने दिल्ली से जयपुर की दूरी को आधा कर दिया है। यात्रा का समय कम करने के साथ ही यह एक्सप्रेसवे यात्रियों को कई सुविधाएं भी दे रहा है। यह एक्सप्रेसवे अब एकबार फिर से चर्चा में बना है। यूनियन रोड ट्रांसपोर्ट और हाईवे मंत्री नितिन गडकरी ने हालही में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे देश का पहला इलेक्ट्रिक हाईवे बनेगा। इसके फोर लेन पर ई-स्ट्रेच बनाया जाएगा। इस स्ट्रेच का निर्माण इसी साल शुरू होगा।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे
भारत के राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अधिकारियों ने बताया ई-हाईवे स्ट्रेच का निर्माण मुख्य रूप से इस एक्सप्रेसवे पर चलने वाले भारी वाहनों को समायोजित करने के लिए किया जाएगा। यह यातायात को कम करने के साथ लॉजिस्टिक लागत में भी भारी कटौती करेगा। अधिकारियों के अनुसार ई-हाईवे पर ट्रक और बसें 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगी। इस स्ट्रेच पर चलने वाले वाहन इलेक्ट्रिक केबल से कनेक्ट होंगे। डीजल के बजाय बिजली से चलने पर इन वाहनों के लॉजिस्टिक लागत में लगभग 70 प्रतिशत तक कम होने का अनुमान है। इस आठ लेन के एक्सप्रेसवे पर दोनों तरफ के दो-दो लेन इलेक्ट्रिक वाहनों को समर्पित होंगे। अधिकारियों के अनुसार इस एक्सप्रेसवे का निर्माण इस साल के अंत तक पूरा हो जाएगा, जिसके बाद ई-स्ट्रेच का निर्माण शुरू होगा।
दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर मिलेंगी 93 तरह की सुविधाएं
बता दें कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पूरी तरह शुरू होने के बाद यात्रियों को बहुत सारी सुविधाएं मिलेंगी। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार एक्सप्रेसवे पर यात्रियों को 93 तरह की सुविधाएं मिलेंगी। इसमें होटल, रेस्तरां, एटीएम, रेस्ट हाउस, प्ले ग्राउंड, अस्पताल, पेट्रोल पंप और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन आदि शामिल है। इसके अलावा सड़क दुर्घटना पीड़ितों को तुरंत हेली एंबुलेंस की सुविधा देने के लिए हर 100 किमी पर हेलीपैड भी बन रहा है। यह एक्सप्रेसवे पांच राज्यों से होकर गुजरेगा और 1300 किमी से अधिक की दूरी तय करेगा। इस पूरे परियोजना की कुल लागत करीब सवा लाख करोड़ रुपये है।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
