दिल्ली में कोरोना काल में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों को मुआवजा दिलाने के प्रयास फिर से तेज हो गए हैं। राजधानी में हजारों लोगों ने इस महामारी के दौरान जान गंवाई थी। इनमें से कई प्रभावित परिवार अभी भी मुआवजे से वंचित है। इन लंबित मामलों की समीक्षा के लिए रेखा गुप्ता सरकार ने एक मंत्री समूह (जीओएम) का गठन किया है। यह समिति कोरोना प्रभावित परिवारों की पहचान करेगी और जिन लोगों को अब तक कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली, उन्हें मुआवजा प्रदान करेगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (फाइल फोटो)
जून में होगी पहली बैठक
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली की भाजपा सरकार ने कोविड-19 महामारी के दौरान अपनों को खोने वाले परिवारों के लिए मुआवजे पर विचार करने के लिए एक मंत्रिसमूह (जीओएम) का गठन किया है। इस समिति की पहली बैठक जून के पहले सप्ताह में होगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि कोविड-19 संक्रमण से अपने प्रियजनों को खोने वाले कई परिवारों को अब तक कोई मुआवजा नहीं मिला है। इस समस्या के समाधान के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है। यह समिति ऐसे मामलों की पहचान करेगी और उन्हें वित्तीय सहायता देगी।
आप सरकार ने भी किया था मंत्री समूह का गठन
दिल्ली की सीएम ने बताया कि पिछली सरकार के दौरान भी ऐसे मामलों पर विचार करने के लिए एक मंत्री समूह था। उन्होंने बताया कि बीजेपी सरकार ने कोविड-19 प्रभावित परिवारों के मामलों की समीक्षा के लिए भी फिर से मंत्री समूह का गठन किया है। जून में होने वाली इस समिति की बैठक में राजस्व, स्वास्थ्य और अन्य विभागों के प्रतिनिधि समिति के सामने ऐसे मामले पेश करेंगे। जिसके बाद समिति इन मामलों की समीक्षा करेगी और मुआवजे की राशि तय की जाएगी
दिल्ली सीएम का AAP पार्टी पर आरोप
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने इस साल मार्च में आरोप लगाया था कि पिछली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के दौरान कोविड प्रभावित परिवारों में से सिर्फ 97 परिवारों को वित्तीय सहायता प्राप्त हो गी। वहीं प्रचार पर प्रशासन ने 17 करोड़ रुपये खर्च किए थे। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में कोविड-19 संक्रमण के कारण 26,700 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
