दिल्ली

Delhi News : रक्षा कारोबारी साहिल लूथरा को जान से मारने की धमकी, गोल्डी बराड़ गैंग ने मांगी करोड़ों की रंगदारी

दिल्ली के रक्षा कारोबारी साहिल लूथरा से करोड़ों की रंगदारी की मांग के बाद उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। गैंगस्टर गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़े लोग अलग-अलग देशों से कॉल कर धमकी दे रहे हैं।

Image

साहिल लूथरा को जान से मारने की धमकी

दिल्ली के रक्षा कारोबारी साहिल लूथरा को एक बार फिर जान से मारने की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि खुद को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ से जुड़ा बताने वाले लोगों ने साहिल लूथरा को नई धमकियां दी हैं, जिसके बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच तेज कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक, साहिल लूथरा ने 24 अप्रैल 2026 को इस संबंध में नई शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस कमिश्नर कार्यालय ने 6 मई 2026 को इस शिकायत को औपचारिक रूप से स्पेशल सेल को भेज दिया, ताकि मामले की विस्तृत जांच की जा सके और जरूरी कार्रवाई हो सके।

धमकी और रंगदारी जांच

अधिकारियों का कहना है कि यह मामला पहले से चल रही धमकी और रंगदारी जांच का ही हिस्सा माना जा रहा है। जांच एजेंसियां पहले से ही इस पूरे नेटवर्क और धमकियों के पीछे जुड़े लोगों की पड़ताल कर रही हैं।

साहिल लूथरा रक्षा क्षेत्र से जुड़े कारोबारी

साहिल लूथरा रक्षा क्षेत्र से जुड़े कारोबारी हैं और उनकी कंपनी “विजयन त्रिशूल डिफेंस सॉल्यूशंस” रक्षा निर्माण और गोला-बारूद से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर काम करती है। बताया जा रहा है कि कंपनी द्वारा पंजाब समेत कई इलाकों में विस्तार की योजना घोषित करने के बाद से ही उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।

अलग-अलग देशों से आए इंटरनेट कॉल

पहले की शिकायतों में कई करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और अलग-अलग देशों से इंटरनेट कॉलिंग के जरिए धमकी देने के आरोप लगाए गए थे। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इन धमकियों के पीछे कौन लोग हैं और उनका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है। फिलहाल स्पेशल सेल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Mohit Om
मोहित ओम author

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैन... और देखें

End of Article