Delhi Cyber Crime: मध्य दिल्ली की साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने एक डॉक्टर से 14.85 लाख रुपये ठगने वाले दो शातिर जालसाजों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी साइबर धोखाधड़ी के गिरोह को फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराते थे, जिसमें ठगी की रकम ट्रांसफर होती थी। दोनों आरोपियों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच के दौरान इनके खातों से देशभर में धोखाधड़ी की कम से कम दस घटनाओं का पता चला है।
सांकेतिक फोटो
डॉक्टर को सरकारी अफसर बनकर धमकाया
दैनिक जागरण में छपी खबर के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले के बुद्धदेव हजारा और मोहम्मद साहिन खान के रूप में हुई है। पुलिस उपायुक्त निधिन वालसन ने बताया कि पिछले साल आरोपियों ने एक डॉक्टर को डिजिटल अरेस्ट कर ठगी का शिकार बनाया था। आरोपियों ने सरकारी अधिकारी बनकर डॉक्टर को डरा-धमकाकर पैसे ट्रांसफर करवाए थे। इस मामले में जबरन वसूली और ठगी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
एक आरोपी बेंगलुरु से दूसरा बंगाल से पकड़ा गया
इन आरोपियों को पकड़ने के लिए एसीपी सुरेश खुंगा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि रकम एसके राइस होलसेलर एंड ट्रेडिंग के खाते में ट्रांसफर की गई थी। तकनीकी निगरानी से आरोपी साहिन की लोकेशन बेंगलुरु में मिली, जहां से उसे 2 जुलाई को दबोच लिया गया। उसकी सूचना पर हजारा को बंगाल से गिरफ्तार किया गया। उसने खुलासा किया कि वह हर खाता 3 लाख की कमीशन पर देता था। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और गिरोह के मुख्य आरोपी की पहचान की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
