Delhi pollution: दिल्ली में आज भी प्रदूषण का कहर बरकरार है, राजधानी की हवा दशहरे के दिन भी बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। आज यहां का ओवरऑल एक्यूआई 303 दर्ज किया गया है। दिल्ली में बीते दो दिनों से प्रदूषण के स्तर में बढ़ोत्तरी हुई है। सोमवार को भी दिल्ली में प्रदूषण के बादल छाए रहे। हवा का रुख बदलने और पराली जलाने की घटनाओं के कारण प्रदूषण के स्तर में इजाफा देखने को मिला है। IITM के अनुसार इस हफ्ते दिल्ली का प्रदूषण खतरनाक लेवल पर ही रहेगा। नोएडा में भी एक्यूआई लेवल 308 यानी बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किया गया, वहीं गुरुग्राम का एक्यूआई लेवल दिल्ली और नोएडा से थोड़ा कम दर्ज हुआ। गुरुग्राम का एक्यूआई आज 249 है।
आनंद विहार में प्रदूषण की वजह
दिल्ली में हर साल सबसे ज्यादा प्रदूषित हवा आनंद विहार के इलाके में ही पाई जाती है, यहां पर कंस्ट्रक्शन के काम के कारण और बस स्टेशन होने की वजह से सालभर पॉल्यूशन बढ़ा रहता है। लेकिन लगातार पराली जलाने की वजह से दिल्ली और आसपास के राज्यों में दिवाली से पहले पॉल्यूशन बढ़ गया है। आज आनंद विहार का एक्यूआई 300 से ज्यादा दर्ज किया गया. जो बेहद खराब श्रेणी में आता है वहीं पास में लगे स्मोग टावर भी मेंटेनेंस की वजह से बंद बताए जा रहे हैं।
प्रदूषण कम करने के प्रयास जारी
प्रदूषण कम करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बताया कि भीड़ वाले मेट्रो रूट पर ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने का आदेश मेट्रो को दिया गया है। वहीं डीटीसी को भी ज्यादा से ज्यादा बसों को सड़कों पर उतारने का आदेश दिया गया है। साथ ही प्राइवेट बसों को हायर करके उनकी भी मदद ली जाएगी। दिल्ली में जिन इलाकों का एक्यूआई लेवल 300 के पार है वहां पर भी स्पेशल टीम लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सड़कों पर धूल को कम करने के लिए एंटी स्मॉग गन से पानी छिड़का जा रहा है लेकिन अब डस्ट सप्रेसेंट को छिड़काव किया जाएगा। राजधानी में डीजन जेनसेट के मानक का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एक्शन भी लिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
