Delhi Airport: नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर यात्रियों को फ्लाइट का इंतजार बोझिल नहीं कर रहा है। उन्हें अब सफर के दौरान एक सांस्कृतिक अनुभव मिल रहा है। दरअसल दिल्ली एयरपोर्ट पर "डेल वाइब्स" नामक उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अनूठी पहल का उद्देश्य यात्रियों को भारतीय कला, संगीत और शिल्प की झलक दिखाना है, जिससे उनका हवाई सफर और भी यादगार बन सके।
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (PC-istock)
उत्सव में इन कार्यक्रमों का लुत्फ उठाने का अवसर
दैनिक जागरण पर छपी खबर के अनुसार इस उत्सव के तहत यात्रियों को कथक, भरतनाट्यम जैसे शास्त्रीय नृत्य और शहनाई, संतूर, सारंगी व सितार जैसे वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों का आनंद लेने का अवसर मिल रहा है। यह सांस्कृतिक कार्यक्रम रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। इसमें 10-15 मिनट का नृत्य प्रदर्शन, 20-25 मिनट का लाइव संगीत और 15 मिनट की शिल्प अनुभव शामिल है। यात्रियों को यह अनुभव न केवल सांस्कृतिक रूप से समृद्ध करता है, बल्कि उड़ानों में देरी या लंबे इंतजार के दौरान तनाव को भी कम करता है।
IGI एयरपोर्ट का संचालन करने वाले डायल (DIAL) का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य भारत आने वाले यात्रियों को देश की सांस्कृतिक का अनुभव कराना है। डायल के CEO विदेह कुमार जयपुरियार के अनुसार, यह पहल यात्रियों को एयरपोर्ट से निकलने से पहले भारत की सांस्कृतिक समृद्धि की झलक देने का एक तरीका है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
