मोदी सरकार द्वारा जीएसटी दरों में की गई बड़ी कटौती का व्यापार और उद्योग संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने स्वागत किया है। संगठन का कहना है कि इन रिफार्म्स से आम जनता को राहत मिलेगी और भारतीय अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुँचाने में मदद मिलेगी।
मोदी सरकार के जीएसटी सुधार के फैसले का स्वागत
सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर कहा कि जीएसटी दरों में कटौती ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि पिछले 20 दिनों से लोग खरीददारी रोककर जीएसटी काउंसिल की बैठक का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही दरें घटी हैं, अब टीवी, फ्रिज, एसी, कार, मोटरसाइकिल, वॉशिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक्स और कपड़ों की खरीद में तेजी आएगी।
नवरात्रि और दिवाली पर बंपर कारोबार
सीटीआई का अनुमान है कि नवरात्र से लेकर दिवाली तक दिल्ली और देशभर में करीब 50 लाख करोड़ रुपये का व्यापार हो सकता है। घरेलू सामान सस्ता होने से इस बार दिवाली पर स्वदेशी उत्पादों की बिक्री बढ़ेगी। संगठन ने कहा कि दिवाली के दौरान हर वर्ग के लोग लगभग 5 करोड़ उपहार का आदान-प्रदान करते हैं, जो बाजार की बिक्री में बड़ी बढ़ोतरी करेगा।
इस त्यौहार घरेलू उत्पादों पर जोर
सीटीआई महासचिव गुरमीत अरोड़ा और उपाध्यक्ष दीपक गर्ग ने कहा कि इस वर्ष दिवाली में भारतीय उत्पादों की बिक्री पर खास जोर रहेगा। सीटीआई ने व्यापारियों और आम जनता से अपील की है कि वे स्वदेशी सामान खरीदें और बेचें। इसमें मिट्टी के दीये, देवी-देवताओं की मूर्तियां, हस्तशिल्प, घर सजाने का सामान, कपड़े, खिलौने, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर, किराना, डेयरी प्रोडक्ट्स, बर्तन और रेडीमेड वस्त्र जैसे उत्पाद शामिल होंगे।
जीएसटी सुधार से ट्रंप टैरिफ का असर होगा कम
बृजेश गोयल ने कहा कि जीएसटी रिफार्म्स से न केवल व्यापार में तेजी आएगी बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत को मजबूती मिलेगी। घरेलू सामान सस्ता होने से विदेशी टैरिफ का असर कम होगा और भारतीय निर्माता अपने ही देश में माल बेच पाएंगे
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
