Corona Virus in Delhi: दिल्ली में कोरोना वायरस के दो मरीजों की मौत हो गई है। दोनों मरीज कोविड के अलावा अन्य बिमारियों से भी पीड़ित थे। पहला मरीज 5 महीने का एक बच्चा है, वहीं दूसरा मरीज 87 वर्षीय एक बुजुर्ग हैं। दोनों की पिछले 24 घंटे में मौत हुई है। इसके अलावा दिल्ली में कोरोना के 105 नए केस भी सामने आए हैं। जिसके बाद राजधानी में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 562 हो गई है। वहीं मृतकों की संख्या अब तक 7 हो चुकी है।
सांकेतिक फोटो
बुजुर्ग मरीज पहले से डायलसिस पर थे
कोरोना वायरस से जान गंवाने वाले 87 वर्षीय बुजुर्ग भी कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। उन्हें मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और किडनी की बीमारी जैसी गंभीर बीमारियां थी। इसके अलावा उन्हें गंभीर एक्यूट रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम (एआरडीएस) और कोविड निमोनिया भी हो गया। जिस कारण उन्हें सेप्सिस और सेप्टिक शाक की स्थिति का सामना करना पड़ा। बुजुर्ग मरीज पहले से ही डायलिसिस पर थे और उनकी स्थिति बिगड़ती गई, जिसके चलते उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
5 महीने के बच्चे को थी गंभीर बीमारियां
कोरोना वायरस से संक्रमित पांच महीने के बच्चे को सेरेब्रल पाल्सी (सीपी), विकास में देरी (जीडीडी), दौरे (सीज़र्स), निमोनिया और सेप्सिस जैसी गंभीर बीमारियां भी थी। वह पहले से ही श्वसन विफलता से पीड़ित था। डॉक्टरों द्वारा उसका काफी इलाज किया गया। इसके बावजूद उसकी जान बचाई नहीं जा सकी। इन घटनाओं ने यह साफ किया है कि कोविड-19 और पहले से मौजूद गंभीर बीमारियों के बीच गहरा संबंध है, खासकर उन लोगों के लिए जो पहले से कई बीमारियों से जूझ रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
