Uttam Nagar Building Collapse: पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक तीन मंजिला इमारत का हिस्सा गिर गया। इस दुर्घटना में 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई जबकि उसकी पांच साल की बेटी घायल हो गई। जानकारी के अनुसार, पुलिस और अग्निशमन विभाग ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने बताया कि करीब 3:10 बजे इमारत के ढहने की सूचना मिली। मौके पर पांच दमकल गाड़ियां भेजी गईं और डीएफएस, पुलिस, एनडीआरएफ, बीएसईएस और आपदा प्रबंधन टीम ने मिलकर बचाव कार्य शुरू किया।
दिल्ली के उत्तम नगर में इमारत ढही
गर्डर हटाने के दौरान गिरा इमारत का हिस्सा
पुलिस उपायुक्त (द्वारका) के अनुसार, घटना स्थल पर कई कॉल 3:07, 3:08 और 3:21 बजे प्राप्त हुईं, जिनमें बताया गया कि उत्तम नगर में इमारत का हिस्सा गिर गया है और मलबे में कई लोग फंसे हैं। यह इमारत हस्तसाल विहार इलाके में 48 वर्ग गज क्षेत्र में बनी हुई थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि इमारत में भूतल, पहली मंजिल और आंशिक रूप से निर्मित दूसरी मंजिल थी, जिसमें गर्डर लगे हुए थे। शुक्रवार को नीरज और उनकी पत्नी गर्डर हटाने का काम कर रहे थे, तभी इमारत का हिस्सा गिर गया।
मामले की जांच के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
बचाव टीम ने मलबे से नीरज की पत्नी पूनम और उनकी बेटी नव्या को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल ले जाया गया। नव्या का इलाज जारी है, जबकि पूनम की मृत्यु हो गई। अधिकारी बताते हैं कि टीम अब भी मलबा हटाने में लगी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई और फंसा न हो। पुलिस ने बताया कि नीरज ने इमारत सोनू यादव को बेच दी थी और 20 अक्टूबर तक उसे खाली करने वाले थे। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया था कि इमारत पूरी तरह ढही, लेकिन बाद में स्पष्ट किया गया कि केवल एक हिस्सा ही गिरा। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हुआ या नहीं, इसकी जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
