IGBC Platinum Rated Station: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के आनंद विहार स्थित नमो भारत भूमिगत स्टेशन को भारतीय हरित भवन परिषद (IGBC) द्वारा "प्लैटिनम रेटिंग" से सम्मानित किया गया है। यह मान्यता पर्यावरण के प्रति एनसीआरटीसी की प्रतिबद्धता और टिकाऊ निर्माण तकनीकों को अपनाने का प्रमाण है। आईजीबीसी की यह सर्वोच्च रेटिंग उन परियोजनाओं को प्रदान की जाती है जो ऊर्जा दक्षता, पर्यावरणीय प्रदर्शन और स्थायित्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट मानकों को पूरा करती हैं।
आनंद विहार नमो भारत स्टेशन (फोटो: meerutmetro.in)
एनसीआरटीसी ने बताया कि नमो भारत परियोजना के अंतर्गत आने वाले सभी प्रमुख ढांचे जैसे स्टेशन, डिपो, रिसीविंग सबस्टेशन और अन्य सुविधाएं आईजीबीसी में पंजीकृत हैं। बताया जा रहा है कि, यह उपलब्धि एनसीआरटीसी की हरित और टिकाऊ शहरी परिवहन अवसंरचना को बढ़ावा देने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। यह प्रमाणन छह प्रमुख पर्यावरणीय मानकों जैसे स्थल चयन और योजना, जल और ऊर्जा की दक्षता, सामग्री का संरक्षण, आंतरिक पर्यावरण की गुणवत्ता, और डिजाइन व निर्माण में नवाचार और सुविधा के आधार पर प्रदान किया गया है।
पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने आनंद विहार स्टेशन में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए कई हरित उपाय अपनाए हैं। इनमें कम कार्बन उत्सर्जन वाली निर्माण विधियां, ऊर्जा दक्षता बढ़ाने वाली प्रणालियां और वर्षा जल संचयन की व्यवस्था शामिल है। नमो भारत वायडक्ट के अंतर्गत किए गए भूनिर्माण कार्यों ने निर्माण और संचालन के दौरान कुल कार्बन उत्सर्जन को घटाने में योगदान दिया है।
रेलगाड़ियों के संचालन में नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग
एनसीआरटीसी का उद्देश्य अपनी कुल ऊर्जा जरूरतों का लगभग 70% हिस्सा नवीकरणीय स्रोतों से प्राप्त करना है। अपनी सौर ऊर्जा नीति के तहत, वह स्टेशनों और डिपो की छतों पर 15 मेगावाट तक सौर ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य लेकर चल रहा है, जिसमें से 4.7 मेगावाट क्षमता पहले ही चालू हो चुकी है। इसके अलावा, रेलगाड़ियों के संचालन में भी नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाने की दिशा में प्रयास जारी हैं।
परिवहन ढांचे के विकास और वैश्विक स्तर की टिकाऊ निर्माण प्रथा
भारतीय हरित भवन परिषद (IGBC), जो 2001 में भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के तहत गठित एक स्वतंत्र संस्था है, देश में हरित भवन निर्माण को प्रोत्साहित करती है और विभिन्न प्रकार की संरचनाओं जैसे कार्यालय, उद्योग, आवासीय भवन और सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों को प्रमाणित करती है। एनसीआरटीसी को मिली यह मान्यता उसके पर्यावरण-संवेदनशील शहरी परिवहन ढांचे के विकास और वैश्विक स्तर की टिकाऊ निर्माण प्रथाओं को अपनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
