Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून का रुख नरम है। सावन बीत जाने के बाद भी गर्मी और उमस से लोग खासा परेशान हैं। हालांकि, 23 से 25 अगस्त तक के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, लेकिन गुरुवार को तेज धूप चिपचिपाती भरी गर्मी बढ़ा सकती है। बुधवार को भी सुबह ठंडक के बाद अचानक धूप की दस्तक ने पूरे दिन लोगों को परेशान करके रखा। इस दौरान अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा हवा में नमी का स्तर 57 से 93 प्रतिशत तक दर्ज किया गया।
दिल्ली आज का मौसम
वीकेंड में मौसम रहेगा खुशनुमा
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे। कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान तापमान में कुछ विशेष गिरावट नहीं दर्ज की जाएगी। आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इधर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम समेत कई इलाकों में बादल मेहरबान रह सकते हैं, जिससे तापमान स्थिर रहने की संभावना है। कुल मिलाकर वीकेंड में मौसम खुशनुमा रहने वाला है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार अगले सप्ताह की शुरुआत अच्छी बारिश के साथ हो सकती है।
यह भी पढ़ें - बिहार में फिर झमाझम बरसेंगे बादल, इन 5 जिलों में भारी बारिश-वज्रपात का Alert; जानें अगले तीन दिनों का IMD अपडेट
मॉनसून पड़ रहा कमजोर
स्काईमेट के मुताबिक, अगस्त माह के शेष दिनों में दिल्ली के पड़ोसी राज्य हरियाणा और पंजाब में मॉनसून कमजोर रहेगा। इस दौरान तेज बारिश की संभावना कम है। हालांकि, अगस्त माह में बारिश अधिक दर्ज की जाती रही है। लेकिन, मध्य सितंबर तक मॉनसून के वापसी का दौर शुरू हो जाता है। हालांकि, इस साल अगस्त में मॉनसून ट्रफ ने अच्छी बारिश की है। उधर, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के ऊपर बना कम दबाव क्षेत्र करीब आने और 24 अगस्त तक एमपी पहुंचने के आसार हैं। इस निम्न दबाव से दिल्ली में थोड़ी बहुत बारिश की उम्मीद है। 24 से 28 अगस्त के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
