Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। यहां कई दिनों से लू का दौर जारी है। राजधानी में बीते तीन दिनों से दिन के साथ-साथ रात में भी लू कहर बरपा रही है। यहां दस साल बाद सबसे ज्यादा जून में लू चली है। इससे पहले 2014 में सात दिन तक हीटवेव जारी रही थी। इस रिकॉर्ड गर्मी में कूलर तो क्या, एसी भी फेल हो रहे हैं। गर्मी से न ही दिन में चैन पड़ रहा है और न ही रात में राहत महसूस हो रही है। आज भी दिल्लीवासियों को गर्मी का प्रकोप झेलना होगा। मौसम विभाग ने आज भीषण गर्मी और लू का रेड अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में मौसम का हाल
दिल्ली में आज भी भीषण लू का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज दिल्ली में आसमान साफ रहेगा। मंगलवार को राजधानी के अधिकतर हिस्सों में गंभीर लू चलेगी। साथ ही रात में भी लू की स्थिति जारी रहेगी और गर्म हवाएं चलेंगी। जिसकी रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा रह सकती है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 34 डिग्री के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में बुधवार से हल्की राहत मिलने के आसार हैं। बुधवार और गुरुवार को यहां येलो अलर्ट रह सकता है। बुधवार के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ेगा, जिसका प्रभाव दिल्ली में देखने को मिलेगा।
कल से राहत मिलने के आसार
दिल्ली में 19 और 20 जून को बूंदबांदी होने की संभावना है। साथ ही आंधी भी चल सकती है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा अधिकतम तापमान 42-43 जिग्री और न्यूनतम तापमान 33 डिग्री तक रह सकता है। दिल्ली में 21 से 23 जून के बीच आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इस दौरान यहां का अधिकतम तापमान 43-44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32-22 डिग्री तक रहने के आसार हैं।
सोमवार को 45 डिग्री पार रहा तापमान
मौसम विभाग ने दिल्ली में मंगलवार तक हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। लेकिन सोमवार को भीषण लू और गर्मी के चलते इसे रेड अलर्ट कर दिया गया। आज भी मौसम विभाग ने यहां रेड अलर्ट जारी किया है। सोमवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
