Delhi News: इन दिनों 14 फरवरी को आने वाले वेलेंटाइन डे का खुमार नए-नए आशिकों और प्रेमी-प्रेमिकाओं में बरकरार है। कोई अपने प्यार को ताजा करता है तो कोई इश्क की तलाश में गली-गलियारों में भटकता है। इसी बीच, राजधानी दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब भीड़भाड़ वाले बाजार में एक युवक ने एक युवती पर अचानक हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, आरोपी काफी समय से युवती का पीछा कर रहा था।
दिल्ली: शाहबाद में युवक ने किया युवती पर हमला
इनकार किए जाने पर किया ये
बताया जा रहा है कि युवती द्वारा साफ तौर से इनकार किए जाने के बाद युवक ने अपना आपा खो दिया और उस पर जान से मारने की नीयत से हमला करने की कोशिश की। इस घटना से बाजार में अफरातफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोगों ने विरोध जताया।
मामले की जांच जारी
घटना के बाद आरोपी ने वहां खड़ी एक मोटरसाइकिल में आग लगा दी, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए। घटना की जानकारी के मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
राजधानी में हुआ पुलिस एनकाउंटर
वहीं, दिल्ली के उस्मानपुर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में मेरठ के एक गैंग से जुड़े तीन संदिग्ध घायल हो गए। इस बारे में गुरुवार को एक अधिकारी ने जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को खुफिया सूचना मिली थी कि असद गिरोह के कुछ सदस्य उस्मानपुर इलाके में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर निगरानी बढ़ा दी।
अधिकारी ने बताया कि जब तीनों संदिग्ध मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रुकने और सरेंडर करने के लिए कहा। हालांकि, उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे आरोपियों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों कई आपराधिक मामलों में वांछित रहे हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)
