Delhi Accident News: राजधानी दिल्ली के साउथ ईस्ट जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने रेड लाइट पर खड़े ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में ऑटो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
तेज रफ्तार कार ने ऑटो-रिक्शा को मारी टक्कर
सुबह 6:30 बजे हुआ हादसा, दो कारों के बीच रेस की चर्चा
चश्मदीदों के मुताबिक, घटना शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि सड़क पर दो कारों के बीच आपसी रेस चल रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया और उसने सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास रेड लाइट पर मौजूद ऑटो और ई-रिक्शा को सीधे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो और ई-रिक्शा दोनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल ई-रिक्शा चालक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कार छोड़कर दूसरी गाड़ी से फरार हुए आरोपी
हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी कार चालक अपनी गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर अपने साथियों के साथ दूसरी कार में बैठकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और चालक की पहचान शुरू कर दी है। इसके अलावा, हादसे की सटीक जानकारी जुटाने और फरार आरोपियों का सुराग लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
