Delhi News: दिल्ली के अशोक नगर इलाके में मेट्रो और नमो भारत ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अब यात्रा और भी आसान हो गई है। अब यात्रियों को दोनों सेवाओं के लिए अलग-अलग सुरक्षा जांच से नहीं गुजरना पड़ेगा। एनसीआरटीसी के अनुसार ब्लू लाइन पर स्थित न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन और नमो भारत स्टेशन के इंटरचेंज पर एक साझा सुरक्षा जांच यानी सिंगल सिक्योरिटी चेक व्यवस्था लागू कर दी गई है, जिससे यात्रियों को एक ही स्थान पर जांच के बाद दोनों ट्रेनों की सुविधा मिल सकेगी।
अशोक नगर में मेट्रो और नमो भारत ट्रेन के लिए सुरक्षा जांच सिर्फ एक बार (सांकेतिक फोटो)
एनसीआरटीसी ने रविवार को जानकारी दी कि दोनों स्टेशनों को जोड़ने वाले एक नए पुल और मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 2 पर स्थापित नई सुरक्षा जांच सुविधा की वजह से यह व्यवस्था लागू हो सकी है। इसके तहत दिल्ली मेट्रो से यात्रा कर नमो भारत के जरिए मेरठ जाने वाले यात्रियों को नमो भारत स्टेशन पर दोबारा सुरक्षा जांच नहीं करानी होगी। इसी तरह नमो भारत ट्रेन से सफर कर दिल्ली मेट्रो के जरिए नोएडा जाने वाले यात्रियों को भी दूसरी बार जांच प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा।
एनसीआरटीसी के मुताबिक, बार-बार होने वाली सुरक्षा जांच को खत्म करने से रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों का समय बचेगा। निगम ने यह भी बताया कि गाजियाबाद स्थित नमो भारत स्टेशन पर एक विशेष पैदल पुल शुरू कर दिया गया है, जिससे दिल्ली मेट्रो के शहीद स्थल न्यू बस अड्डा स्टेशन तक सीधा और सुगम आवागमन संभव हो सकेगा।
(इनपुट - भाषा)
