AAP Leader Office Firing: राजधानी दिल्ली में बदमाशों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। शाहदरा जिले में आम आदमी पार्टी के जिला युवा विंग अध्यक्ष अभिषेक धिंगान के कार्यालय पर बदमाशों ने सरेआम 6 राउंड गोलियां चला दीं। गोलीबारी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि बदमाश अचानक कार्यालय के बाहर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। गनीमत रही कि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की खबर सामने नहीं आई है, लेकिन कार्यालय में काफी नुकसान होने की बात कही जा रही है।
आप नेता के कार्यालय पर फायरिंग (फोटो साभार- TNN)
पास में ही सिक्किम के राज्यपाल का निवास स्थान
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जिसने मौके से खोखे बरामद किए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बदमाशों ने गोली क्यों चलाई। क्या यह आपसी रंजिश का मामला है, रंगदारी की कोशिश है या फिर राजनीतिक रंजिश, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। इस घटना की एक और अहम वजह यह है कि जिस इलाके में फायरिंग हुई, वहीं पास में ही सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत गौतम का निवास स्थान भी है। ऐसे में यह इलाका हाई सिक्योरिटी जोन माना जाता है। यहां दिनदहाड़े हुई फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- TMC सांसद महुआ मोइत्रा का बड़ा आरोप- BJP समर्थकों ने उनकी कार पर किया हमला
घटना के बाद मौके पर लगी AAP कार्यकर्ताओं की भीड़
घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जमा हो गए। कार्यकर्ताओं ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताई और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि एक जनप्रतिनिधि के कार्यालय पर इस तरह सरेआम फायरिंग होना बेहद चिंताजनक है। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को शांत कराया और भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। वहीं, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज से बदमाशों की पहचान हो जाएगी और उनकी बाइक या गाड़ी का नंबर भी सामने आ जाएगा। इसके अलावा पुलिस इलाके के संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शाहदरा जिले में हुई इस फायरिंग के बाद पुलिस ने इलाके में गश्त भी बढ़ा दी है, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।
