Lionel Messi Delhi Visit: अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी अपने ‘गोट इंडिया टूर’ के तहत 15 दिसंबर को दिल्ली पहुंचने वाले हैं। इस अवसर पर अरुण जेटली स्टेडियम (फिरोजशाह कोटला ग्राउंड) में आयोजित होने वाले दिल्ली चरण को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के अनुसार, दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में यातायात पर असर पड़ सकता है। कार्यक्रम के चलते ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किए जाएंगे और बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी के कारण सड़कों पर जाम या धीमी रफ्तार की स्थिति बन सकती है। लोगों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और बाहर निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाकर चलें।
लियोनेल मेसी के दिल्ली दौरे से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जारी (फोटो: PTI)
यहां रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बहादुरशाह जफर मार्ग और जेएलएन मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन व प्रतिबंध लागू किया जाएगा। इसके तहत दरीयागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग तथा गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड की ओर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। यात्रियों से अनुरोध है कि वे इन प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक यहां जाने से बचें
दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक कुछ मार्गों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। इस दौरान जेएलएन मार्ग पर राजघाट से दिल्ली गेट होते हुए कमला मार्केट गोलचक्कर तक दोनों ओर यातायात प्रभावित रह सकता है। इसके अलावा आसफ अली रोड पर तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट के बीच तथा बहादुरशाह जफर मार्ग पर दिल्ली गेट से रामचरण अग्रवाल चौक (आईटीओ) तक दोनों कैरिजवे पर भी ट्रैफिक दबाव रहने की संभावना है। लोगों से अनुरोध है कि वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
स्टेडियम में प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट
गोट इंडिया टूर कार्यक्रम को लेकर स्टेडियम में प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए हैं। गेट नंबर 1 से 8 तक दर्शकों की एंट्री बहादुरशाह ज़फर मार्ग की दक्षिणी दिशा से होगी। वहीं गेट नंबर 10 से 15 तक प्रवेश जेएलएन मार्ग पर स्थित अंबेडकर स्टेडियम बस टर्मिनल के पास, पूर्वी दिशा से कराया जाएगा। इसके अलावा गेट नंबर 16 से 18 तक की एंट्री बहादुरशाह जफर मार्ग पर पेट्रोल पंप के नजदीक, पश्चिमी ओर से निर्धारित की गई है।
पार्किंग को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने दिशा-निर्देश
पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी ट्रैफिक पुलिस ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर निःशुल्क पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। स्टेडियम के आसपास पार्किंग केवल उन्हीं वाहनों को अनुमति होगी जिन पर अधिकृत पार्किंग लेबल लगा होगा। वाहन में पार्किंग लेबल को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य है, जिसमें वाहन नंबर और संपर्क विवरण दर्ज होना चाहिए। लेबल वाले वाहनों की पार्किंग के लिए प्रवेश बहादुरशाह ज़फर मार्ग पर शहीदी पार्क के पास स्थित विक्रम नगर कट से ही किया जाएगा।
यहां रहेगी पिक-अप और ड्रॉप की व्यवस्था
सामान्य दिशा-निर्देशों के तहत बहादुरशाह ज़फर मार्ग, जेएलएन मार्ग और रिंग रोड (राजघाट से आई.पी. फ्लाईओवर तक) पर किसी भी प्रकार की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन कर खड़े किए गए वाहनों को टो कर लिया जाएगा और संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं के लिए पिक-अप और ड्रॉप की व्यवस्था एमए मेडिकल कॉलेज (गेट नंबर 2, बहादुरशाह जफर मार्ग) और राजघाट चौक पर निर्धारित की गई है।
