Okhla Industrial Area Accident: सोमवार दोपहर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के ओखला औद्योगिक क्षेत्र में एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार कार चालक का संतुलन बिगड़ने से वाहन पहले सड़क किनारे खड़ी तीन कारों से टकराया और फिर एक ट्रक से जा भिड़ा। इस हादसे में कार चला रहा व्यक्ति घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हाई-स्पीड कार ने कई गाड़ियों को टक्कर मारी (सांकेतिक फोटो: Canva)
नियंत्रण बिगड़ने से हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12:41 बजे दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। ए-230, ओखला फेज-I के सामने सर्विस रोड पर एक इलेक्ट्रिक कार के कई वाहनों के आपस में टकराने को लेकर पुलिस को दो अलग-अलग कॉल्स मिली थीं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां जांच में सामने आया कि एक कार चालक का नियंत्रण बिगड़ने से अन्य वाहनों से टक्कर हो गई थी।
कार चालक दुर्घटना में घायल
सौभाग्य से हादसे के वक्त प्रभावित गाड़ियों में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी राहगीर या अन्य चालक को नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि, कार चला रहा व्यक्ति दुर्घटना में घायल हो गया। मौके पर तैनात पीसीआर वैन ने उसे तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
कई गाड़ियों से टकराई कार
मिली जानकारी के अनुसार, कार चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और तेज रफ्तार में पहले सड़क किनारे खड़ी तीन कारों से टकरा गई। इसके बाद वाहन आगे बढ़ते हुए एक खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ा, जहां आकर कार रुक गई। इस हादसे में चालक घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए एम्स अस्पताल पहुंचाया गया।
कानूनी प्रक्रिया शुरू
पुलिस के मुताबिक, घटना को लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण हुई या फिर किसी अन्य वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया।
(इनपुट - भाषा)
