Delhi-NCR Rain Alert: दिल्ली-NCR के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस के बाद आज शाम मौसम का मिजाज बदलने सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और निजी मौसम विशेषज्ञों ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। इस बदलाव से तापमान में भारी गिरावट आएगी और शाम सुहावनी होने की उम्मीद है।
दिल्ली में बदलने वाला है मौसम (फाइल फोटो | PTI)
मौसम विभाग का येलो अलर्ट: इन जिलों में दिखेगा असर
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के तात्कालिक चेतावनी के मुताबिक दिल्ली के कई हिस्सों के लिए येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, शाम साढ़े 6 बजे तक पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और दक्षिण-पूर्व दिल्ली जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान दिल्ली के इन हिस्सों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- कहां अटक गया मानसून? 'सुपर अल नीनो' के साए में सूखी हवाओं का वो खेल, जिसने बढ़ाई देश की टेंशन
मौसम विशेषज्ञ ने भी आंधी और बारिश के लिए चेताया
दूसरी ओर, मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया (Navdeep Dahiya) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर दिल्ली-NCR के मौसम को लेकर एक बड़ा अपडेट साझा किया है। नवदीप दहिया के भविष्यवाणी के मुताबिक, आज शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के विभिन्न हिस्सों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की बेहद तेज रफ्तार वाली तूफानी हवाओं (Gusty Winds) के साथ मध्यम से भारी बारिश (Moderate to Heavy Rains) देखने को मिल सकती है। दहिया ने यह भी बताया कि किसी भी एक स्थान पर बारिश के इस दौर की अवधि लगभग 30 से 45 मिनट तक रहेगी। इस तेज बारिश के कारण दिल्ली-NCR के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को पिछले कई दिनों से परेशान कर रही उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
ऑफिस से घर निकलने वाले रहें सावधान
शाम 5 से 7 बजे के बीच होने वाली इस बारिश और तेज आंधी के कारण सड़कों पर विजिबिलिटी कम हो सकती है, वहीं तेज हवाओं के कारण यातायात प्रभावित होने की भी आशंका है। ऐसे में मौसम विभाग और विशेषज्ञों ने दफ्तर से घर लौट रहे कामकाजी लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी है। इस बारिश के बाद दिल्ली-NCR में कल तापमान में कुछ नरमी की भी उम्मीद की जा सकती है।
