Delhi Weather Update: मानसून की वापसी के बाद पिछले कुछ दिनों से जारी शुष्क और गर्म मौसम के बीच दिल्ली-NCR के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई राज्यों सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदलने और हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, 9 से 14 अक्टूबर के बीच दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही 10 और 11 अक्टूबर को इस पूरे इलाके में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दिल्ली में तापमान कम होने की संभावना
तापमान में आएगी गिरावट, गर्मी से मिलेगी राहत
IMD के अनुसार, अगले 24 घंटों के भीतर दिल्ली के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। आज शुक्रवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। दिन के समय 10-15 किमी/घंटे की गति से दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इससे पहले गुरुवार (8 अक्टूबर) को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। नोएडा में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री और गाजियाबाद में 35.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। बारिश से तापमान में कुछ गिरावट जरूर होगी लेकिन ये सर्दी के जल्दी आने की आहट नहीं है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- दिल्ली में गूगल मैप्स के भरोसे न रहें! फिर लगा बारापुला फेज-3 पर लगा भीषण जाम, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की चेतावनी
उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के साथ-साथ आसपास के राज्यों में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 9 से 14 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 9 से 11 अक्टूबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9 से 10 अक्टूबर के बीच वर्षा के आसार हैं। राजस्थान में भी मौसम बदलने की संभावना है, जहां पश्चिमी राजस्थान में 11 से 12 अक्टूबर तथा पूर्वी राजस्थान में 12 अक्टूबर को बारिश हो सकती है।
वायु गुणवत्ता और नमी का स्तर
हाल के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 162 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' (Moderate) श्रेणी में आता है। पिछले 24 घंटों के दौरान हवा में अधिकतम नमी का स्तर 85 प्रतिशत और न्यूनतम 47 प्रतिशत दर्ज की गई थी। IMD का मानना है कि बारिश और 30-50 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के कारण अगले दो-तीन दिनों तक गर्मी से राहत रहेगी। हालांकि, यह राहत अस्थाई हो सकती है और कुछ दिनों के बाद तापमान में फिर से धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
