Delhi-NCR Ka Mausam (दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा) 31-Dec-2025: नए साल की शुरुआत से पहले ही मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में बारिश का अलर्ट जारी किया है। एक्टिव हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर पर भी देखने को मिलेगा। बता दें कि इस समय दिल्ली में मौसम का ट्रिपल अटैक देखने को मिल रहा है। कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा और प्रदूषण में निवासियों का हाल खराब हो गया है। दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सुबह के समय घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने दिल्ली में आज घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। शहर में सुबह की शुरुआत कोहरे की सफेद चादर के साथ हुई। कई क्षेत्रों में विजिबिलिटी 100 मीटर नजर आई तो कुछ इलाकों में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। ऐसी स्थिति में सड़कों पर वाहन रंगते हुए नजर आए। वाहनों की गति थम गई। साथ ही शहर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और शीतलहर ने इसे और बढ़ा दिया है। हाथ कुछ सेकेंड में ठंडे हो जा रहे हैं और गर्म कपड़ों की लेयर्स में भी शहरवासी ठिठुरता रहे हैं। कोहरे और बादलों की आवाजाही के बीच आज दिल्ली में सूरज देवता के दर्शन के आसार कम है।
ये भी पढ़ें - Bihar Weather: बिहार में कंपकंपाती ठंड के बीच होगा नए साल का स्वागत, कोल्ड डे और कोहरे का बड़ा अलर्ट
दिल्ली में नए साल पर मौसम का हाल?
आईएमडी ने साल के अंतिम दिन और नए साल के पहले दिन को लेकर एक बड़ा अपडेट जारी किया है। इस अपडेट के अनुसार, दिल्ली में 31 दिसंबर 2025 यानी आज और 1 जनवरी 2026 को बारिश होने की संभावना है। आज यानी 31 दिसंबर से शहर में बादलों की आवाजाही का सिलसिला शुरू होगा और कल यानी बुधवार और गुरुवार को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के साथ कोहरा न्यू ईयर के जश्न में खलल डाल सकता है।
नोएडा-गाजियाबाद में कैसा रहेगा आज मौसम?
दिल्ली के सटे नोएडा और गाजियाबाद में भीषण ठंड का कहर जारी है। यहां कड़ाके की सर्दी में लोग कांप रहे हैं। मौसम विभाग ने दोनों शहरों में आज घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है और शीतलहर ने भी ठंड में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी है। तापमान की बात करें तो नोएडा का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 15 डिग्री रह सकता है। वहीं गाजियाबाद का अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम 7 डिग्री तक रहेगा। यहां प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। सीपीसीबी की रिपोर्ट के अनुसार, नोएडा का एक्यूआई 402, गाजियाबाद 355 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 394 रिकॉर्ड किया गया है।
गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम कैसा रहेगा?
गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम विभाग ने शीतलहर के साथ घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कोहरे के साथ लोग शीतलहर की मार भी झेल रहे हैं। इस बीच गुरुग्राम और फरीदाबाद में न्यूनतम तापमान क्रमशः 9 और 10 डिग्री बना रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 15 और 21 डिग्री रह सकता है। सीपीसीबी की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुग्राम का एक्यूआई 324 और फरीदाबाद का एक्यूआई 235 दर्ज किया गया है।
दिल्ली में जहरीली हवाओं का दौर बरकरार
दिल्ली की ठंड और कम गति में चल रही हवाओं के कारण एयर पॉल्यूशन वापस बढ़ना शुरू हो गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली का एक्यूआई सुबह 9 बजे 389 दर्ज किया गया है, जो कल (मंगलवार, 30 दिसंबर) शाम 4 बजे 388 दर्ज किया गया था। नए साल के जश्न में शहर का एक्यूआई गंभीर श्रेणी में यानी 400 के पार होने की संभावना जताई जा रही है। बता दें कि आज दिल्ली में सबसे अधिक एक्यूआई आनंद विहार में 448 रिकॉर्ड किया गया है, जबकि सबसे कम एनएसआईटी द्वारका में 299 रिकॉर्ड किया गया है।
प्रदूषण, दिल्ली का एक्यूआई कितना है, दिल्ली की हवा हुई जहरीली,
