Delhi Karol Bagh Building Collapse: दिल्ली के करोल बाग इलाके में शुक्रवार सुबह करीब 11:15 बजे एक दो मंजिला पुरानी इमारत को गिराने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रेगरपुरा स्थित प्यारे लाल रोड पर एक प्राइवेट ठेकेदार की निगरानी में चल रहे ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान अचानक इमारत भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे में दबने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
करोल बाग में पुरानी इमारत गिराने के दौरान बड़ा हादसा
अचानक ढह गई इमारत
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, इमारत मालिकों ने पुराने भवन को गिराने के लिए एक प्राइवेट ठेकेदार को काम सौंपा था। पुलिस का कहना है कि संबंधित एजेंसी से भवन गिराने की जरूरी अनुमति नहीं ली गई थी। इसी दौरान अचानक संरचना ढह गई और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में फंस गए। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
एक मजदूर की हुई मौत
गंभीर रूप से घायल मजदूर शेख शमशाद को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसका शव पोस्टमार्टम के लिए लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज (LHMC) अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे में मोहम्मद अयूब के सिर में चोट आई और उसके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हुआ। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
घटना से जुड़े तथ्यों की जांच जारी
वहीं शेख सैदुल के हाथ-पैर में चोटें आई हैं और उसका इलाज जीवन माला अस्पताल में चल रहा है। एक अन्य मजदूर रफीक-उल को मामूली चोटें लगी हैं। पुलिस ने मामले में इमारत मालिकों और ध्वस्तीकरण का काम कर रहे ठेकेदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इमारत गिरने की वजह क्या रही। मामले में लागू कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
