दिल्ली में आज का मौसम (27 April 2026 Delhi Weather Today): भीषण गर्मी की मार झेल रहे दिल्लीवासियों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजधानी का मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 24 घंटे बाद दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना जताई है। जिससे तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है, साथ ही लू के थपेड़ों से भी राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल राजधानी में दिन-रात तेज गर्मी लोगों को सता रही हैं। जिसके चलते जून जैसी गर्मी का एहसास अप्रैल में ही हो रहा है। दिल्ली में तापमान भी 42 डिग्री के पार पहुंच चुका है। रविवार को राजधानी में इस सीजन की सबसे गर्म रात महसूस की गई, जब न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आइए जानते हैं कि आज दिल्ली-एनसीआर का मौसम कैसा रहेगा।
दिल्ली में मौसम का हाल (AI Image)
दिल्ली में 27 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही लू चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से गर्म हवाएं चलने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज होने के आसार हैं। कल से यहां गर्मी के तेवर नरम पड़ने की संभावना है। 28 अप्रैल से दिल्ली में बारिश होने की संभावना है। 29 अप्रैल को भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। दोनों दिन 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
दिल्ली में रिकॉर्ड़तोड़ गर्मी
दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार की तुलना में बीते दिन एक डिग्री तापमान की बढ़ोत्तरी हुई। वहीं बीते पांच दिनों में करीब साढ़े चार डिग्री तक रात का तापमान बढ़ा। आमतौर पर अप्रैल माह में रातें इतनी गर्म नहीं होती है। लेकिन इस बार राजधानी में रिकॉर्डतोड़ गर्मी पड़ रही है। बीते पांच सालों में इस बार अप्रैल में रात तापमान सबसे अधिक है। इससे पहले 2022 में अप्रैल में अधिक गर्म रातें देखने को मिली थी। लेकिन उस साल भी इस बार से कम ही तपिश थी।
