दिल्ली में आज का मौसम (15 June 2026): दिल्ली में सोमवार को एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। राजधानी में आज सुबह आसमान में घने बादल छा गए। जिसके बाद कई हिस्सों में बारिश भी शुरू हो गई है। साथ ही तेज हवाएं भी चल रही हैं। मौसम विभाग ने अगले 2 घंटे के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है। साथ ही 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। आज सुबह अचानक मौसम बदलने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है और मौसम सुहावना हो गया है।
दिल्ली में 15 जून को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने आज पूरे दिन रुक-रुक कर बारिश होने को लेकर अलर्ट जारी किया है। दोपहर के समय गरज-चमक के साथ हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। शाम के समय भी छिटपुट बारिश होने की संभावना है। बीच-बीच में हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। जिससे आज पूरे दिन गर्मी से राहत बनी रहेगी। साथ ही तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
गाजियाबाद-नोएडा में आंधी-बारिश का अलर्ट
दिल्ली से सटे गाजियाबाद और नोएडा में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। यहां गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की आशंका है। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधान रहने और बेवजह बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। ऐसा ही मौसम गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी देखने को मिल सकता है।
