Delhi Weather 15 August 2026: 80वें स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और लाल किला परिसर सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है।
दिल्ली का मौसम
लाल किले पर होने वाले मुख्य समारोह में शामिल होने वाले नागरिकों और वीआईपी मेहमानों को हल्की बारिश का सामना करना पड़ सकता है।
सुबह छिटपुट बारिश की संभावना
IMD द्वारा लाल किला क्षेत्र के लिए जारी विशेष मौसम पूर्वानुमान के अनुसार: आईएमडी (IMD) द्वारा लाल किला क्षेत्र के लिए जारी विशेष मौसम पूर्वानुमान के अनुसार तड़के 4 बजे से सुबह 6 बजे के बीच करीब 5 मिलीमीटर हल्की बारिश होने की 70 प्रतिशत संभावना जताई गई है। वहीं मुख्य समारोह के समय यानी सुबह 6 बजे से 7 बजे के बीच बारिश की संभावना न के बराबर है। हालांकि, सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच (जब पीएम मोदी राष्ट्र को संबोधित करेंगे) लगभग 2 से 4 मिमी (या 5 मिमी तक) बहुत हल्की बारिश होने की 50 से 60 प्रतिशत संभावना है। दोपहर से शाम के बीच भी लगभग 3 मिमी तक बहुत हल्की बारिश होने की 60 प्रतिशत संभावना बनी रहेगी। शनिवार तड़के तक राजधानी में सतही हवाएं शांत रहीं और आसमान में बादल छाए रहे।
तापमान और नमी का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 24°C से 26°C और अधिकतम तापमान 31°C से 33°C के बीच रहने की संभावना है। आसमान में आमतौर पर घने से हल्के बादल छाए रहेंगे, जिससे मौसम अपेक्षाकृत नम और सुहावना बना रह सकता है। तापमान में अधिक उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है, हालांकि बादलों की मौजूदगी के कारण उमस का एहसास हो सकता है। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि लाल किले और आसपास के इलाकों में स्वतंत्रता दिवस समारोह देखने पहुंचने वाले लोग मौसम के इस मिजाज को ध्यान में रखकर ही अपनी तैयारी करें।
