दिल्ली में आज का मौसम (1 April 2026): दिल्ली-एनसीआर में बीते दो दिनों से मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। सुबह के समय धूप निकलने से गर्मी महसूस हो रही है। वहीं शाम को बारिश होने से फिर मौसम ठंडा हो जा रहा है। मार्च के आखिरी दिन रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में पिछले तीन सालों में मार्च में सबसे अधिक बारिश दर्ज हुई। इसके बावजूद यह महीना पिछले चार सालों में सबसे गर्म रहा। मार्च में औसत अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले इस माह में 2022 में औसत अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था। यह चार सालों में दिल्ली का सबसे प्रदूषण महीना भी रहा।
दिल्ली में 1 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम
राजधानी में फिलहाल एक-दो दिनों के लिए बारिश पर ब्रेक लग गया है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इस दौरान कहीं भी बारिश के आसार नहीं हैं। आसमान में हल्के बादलों की मौजूदगी के चलते दिन में धूप खिली रहेगी, लेकिन सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल देखने को मिल सकता है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली में कब होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 2 अप्रैल को भी दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। जिसके बाद फिर मौसम में बदलाव होगा। 3 और 4 अप्रैल को राजधानी में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। जिसके बाद 5 और 6 अप्रैल को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है। अगले 24 घंटे में दिल्ली के तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। 3 अप्रैल को बारिश के बाद फिर तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट होने के आसार हैं।
दिल्ली में 3 साल में मार्च में हुई अधिक बारिश
दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटों में मौसम रोलरकोस्टर की तरह महसूस हुआ। सुबह के समय धूप निकल आई, जो दिन में बादलों के पीछे छिप गई। दोपहर 3 बजे तक आसमान काले बादलों से लद गया और तेज हवाएं चलने लगीं। जिससे मौसम सुहावना हो गया। जिसके बाद बूंदाबांदी का सिलसिला शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे हल्की बारिश में बदल गया। आईएमडी के अनुसार, दोपहर ढाई बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच सफदरजंग में 2.1 मिमी, पालम में 2.6 मिमी, लोधी रोड में 2.8 मिमी, रिज में 2.4 मिमी और आयानगर में 2.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
राजधानी में मंगलवार सुबह धूप निकलने के कारण हल्की गर्मी का एहसास हुआ। लेकिन शाम होते-होते बारिश के कारण मौसम ठंडा हो गया। दिल्ली में बीते दिन अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान पालम में 33.2 डिग्री, लोधी रोड में 33.2 डिग्री, रिज में 33.9 डिग्री और आयानगर में 33.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा दर्ज किया गया। इस दौरान न्यूनतम तापमान सफदरजंग में 19.4 डिग्री सेल्सियस, पालम में 19.6 डिग्री, लोधी रोड में 18.0 डिग्री, रिज में 18.4 डिग्री और आयानगर में 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
