दिल्ली में आज का मौसम (08 Jan 2026): दिल्ली में आज का मौसम (08 Jan 2026): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्दी अपने चरम पर पहुंचती नजर आ रही है। बर्फीली हवाओं और घने कोहरे के चलते सुबह से ही गलन का असर महसूस किया जा रहा है। कई इलाकों में विजिबिलिटी भी कम दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज, गुरुवार के लिए भी ठंड और कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी रखा है।
दिल्ली में आज भी कड़ाके की ठंड (AI Image)
पालम और लोधी रोड में कोल्ड-डे
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दिल्ली के पालम और लोधी रोड मौसम केंद्रों पर शीत दिवस यानी कोल्ड-डे की स्थिति बनी रही। पालम में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री कम दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड पर भी दिनभर ठंड बनी रही। ठंडी हवाओं के कारण धूप फीकी पड़ गई, दिन में भी सर्दी का असर कम नहीं हुआ।
कोहरा और ठंडी हवाओं ने रोकी धूप
उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही ठंडी हवाएं और ऊपरी सतह पर जमा कोहरा सूरज की किरणों को जमीन तक पहुंचने नहीं दे रहा है। कई इलाकों में दृश्यता 600 से 800 मीटर के बीच दर्ज की गई। हल्की धूप जरूर निकली लेकिन ठंड और धुंध में खोई, वह इतनी कमजोर रही कि तापमान में कोई खास राहत नहीं मिल सकी। हवाओं ने भी मौसम को सर्द रखने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
आज कैसा रहेगा मौसम?
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक गुरुवार को तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। सुबह और शाम के समय मध्यम से घना कोहरा बना रहेगा। 8 जनवरी को दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। अनुमान है कि 12 जनवरी तक मौसम का यही मिजाज बना रहेगा। किसी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय न होने से ठंड का असर और बढ़ सकता है।
क्या होता है कोल्ड डे?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। पालम और लोदी रोड पर ‘कोल्ड डे’ की स्थिति रही। मौसम विज्ञान के अनुसार जब मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाए और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे आ जाए, तो उस दिन को ‘कोल्ड डे’ माना जाता है।
