Delhi IRS Officer Daughter Murder Case: दिल्ली की एक अदालत ने भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के वरिष्ठ अधिकारी की बेटी की हत्या के आरोपी उनके पूर्व घरेलू सहायक 19 वर्षीय राहुल मीणा को सोमवार को सात दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपिका ठकरान ने दिल्ली पुलिस की उस याचिका को स्वीकार कर लिया, जिसमें आरोपी को पूछताछ के लिए सात दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का अनुरोध किया गया था।
कोर्ट ने आरोपी राहुल मीणा को 7 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
अदालत के सामने पेश हुआ आरोपी
जानकारी के मुताबिक, मीणा की चार दिन की पुलिस हिरासत सोमवार को समाप्त हो गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया। मीणा ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) से स्नातक पीड़िता के साथ 22 अप्रैल की सुबह कैलाश हिल्स स्थित उसके आवास पर कथित तौर पर बलात्कार किया और फिर उसकी हत्या कर दी। वारदात से कुछ घंटे पहले आरोपी और उसके साथियों ने राजस्थान के अलवर में एक अन्य महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया था। फिलहाल मामले जांच जारी है।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि, यह दिल दहला देने वाली वारदात दिल्ली के कैलाश हिल्स क्षेत्र में हुई थी। यहां एक वरिष्ठ भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी के साथ पहले कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। यह घटना उसी के घर के भीतर हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहुल मीना नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले पीड़िता के घर में घरेलू सहायक के रूप में काम करता था। वह करीब आठ महीनों तक वहां कार्यरत रहा, लेकिन लगभग एक महीने पहले उसे नौकरी से हटा दिया गया था। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आने के बाद मामला और भी गंभीर हो गया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूरी वारदात बेहद कम समय, करीब 30 मिनट के भीतर अंजाम दी। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों से पता चला कि वह सुबह लगभग 6:30 बजे कॉलोनी में पहुंचा, 6:49 बजे चुपचाप घर में दाखिल हुआ और करीब 7:20 बजे वहां से निकल गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास घर की एक अतिरिक्त चाबी थी, जिसका इस्तेमाल कर उसने बिना किसी को भनक लगे अंदर प्रवेश किया। इसके बाद वह सीधे छत पर बने स्टडी रूम में पहुंचा, जहां उसने पीड़िता पर हमला कर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर मोबाइल चार्जर की केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
