Delhi Car Fire: दिल्ली के वजीराबाद रोड पर भजनपुरा मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। जहां एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। हालांकि समय रहते चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ी अनहोनी होने से टल गई। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि पूरी कार जलकर राख हो गई।
दिल्ली में चलती कार में लगी आग
इंजन से धुआं उठता देख बाहर निकला चालक
यह घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है, जहां एक डिजायर कार कुछ ही देर में आग का गोला बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। जैसे ही चालक ने धुआं देखा, उसने तुरंत गाड़ी रोककर बाहर निकलने का फैसला किया। जिसके बाद कुछ ही मिनटों में धुएं के साथ आग की लपटें भी कार से उठने लगीं और देखते ही देखते पूरी कार को आग ने अपनी चपेट में ले लिया।
एक फायर टेंडर ने बुझाई आग
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी कार आग में जलकर राख हो गई। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों भी सुरक्षित दूरी पर हट गए। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद एक फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। अभी तक आग लगने की वजह सामने नहीं आई है।
हादसे में कोई जनहानि नहीं
स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर कार चालक समय रहते बाहर नहीं निकलता तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वाहन में आग लगने की असली वजह क्या थी।
