Delhi News: दिल्ली के यूसुफ सराय इलाके में दिवाली की रात फूल-माला की दुकान पर जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि कुछ लोगों ने एक महिला और उसके नाबालिग देवर पर डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मदन मोहन मालवीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और छह लोगों को पकड़ लिया। इनमें दो बालिग और चार कानून से संघर्षरत नाबालिग शामिल हैं।
यूसुफ सराय में फूलों की दुकान पर हमला
दोनोंं पर डंडों से हमला कर दिया
पुलिस के मुताबिक, घटना 8 नवंबर 2026 की रात यूसुफ सराय बस स्टैंड के पास ऑरोबिंदो मार्ग पर एक फूल-माला की दुकान के नजदीक हुई। घायल महिला की पहचान 37 वर्षीय राधा के रूप में हुई है, जो संगम विहार की रहने वाली है। राधा त्योहारों के दौरान खासतौर पर हौज खास इलाके में फूल बेचने का काम करती है। उसके साथ उसका 15 वर्षीय देवर भी मौजूद था।
आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और दोनों पर डंडों से हमला कर दिया। मारपीट करने के बाद आरोपी दोनों को धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं और उनके बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच ननद-भाभी का पारिवारिक रिश्ता है और पुरानी रंजिश के चलते यह मारपीट हुई।
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोनू (35), उस्मान नौशाद (22) और चार नाबालिगों को पकड़ा है। सोनू और उस्मान दोनों जैतपुर इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने हौज खास थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
दो आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के मुताबिक, आरोपी उस्मान नौशाद के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस के तहत दो मामले दर्ज हैं। वहीं सोनू के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत हौज खास और सफदरजंग एन्क्लेव थाने में दो मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मारपीट में किसने क्या भूमिका निभाई थी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
