राजधानी दिल्ली के डाबड़ी इलाके में सोमवार शाम दो गुटों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने भयानक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच खूनी संघर्ष शुरू हो गया और जमकर चाकूबाजी हुई। इस हिंसक झड़प में एक हिस्ट्रीशीटर समेत करीब 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और तनाव का माहौल कायम हो गया।
पुरानी रंजिश में दो परिवारों के बीच चाकूबाजी
कहासुनी के बाद पहुंचे 40-50 लोग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम लगभग 16:22 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को एक कॉल मिली। कॉलर ने सूचना दी कि कुछ लोग उस पर हमला करने आ रहे हैं। कॉल की लोकेशन को तुरंत ट्रेस करते हुए पुलिस की टीम जगदीश नामक व्यक्ति के घर के पास पहुंची। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां लगभग 40 से 50 लोगों की उग्र भीड़ जमा थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि शाम करीब 4:00 बजे जेजे कॉलोनी निवासी ललित के भाई मदन की नवाब नामक युवक के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। कहासुनी जल्द ही हाथापाई में बदल गई। इसके कुछ ही देर बाद नवाब के अन्य सहयोगी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे और चाकू निकल आए और जमकर मारपीट हुई।
हिस्ट्रीशीटर नवाब की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर
इस खूनी संघर्ष में कुल 6 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए दीन दयाल उपाध्याय (DDU) अस्पताल तथा IGI अस्पताल ले जाया गया। घायलों में नवाब (उम्र 25 वर्ष, पिता नयाब खान) भी शामिल है, जिसे पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। नवाब की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे गहन निगरानी में रखते हुए आगे के इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
सांप्रदायिक कोण से इनकार, DCP द्वारका का बयान
वारदात के बाद क्षेत्र में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डाबड़ी थाना प्रभारी (SHO) पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौके पर डटे रहे। डीसीपी द्वारका ने मामले की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि यह विवाद एक ही इलाके में आसपास रहने वाले दो परिवारों के बीच हुआ है। घटना में किसी भी प्रकार का कोई सांप्रदायिक कोण नहीं है। पीड़ितों के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वर्तमान में इलाके में स्थिति पूरी तरह से सामान्य और नियंत्रण में है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी गई है।
