राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दिल्ली-एनसीआर में चल रहे एक ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश किया। पुलिस ने दो आरोपियों के पास से 2.034 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी, अंशुल राणा और गंगा प्रसाद, को अलग-अलग ऑपरेशनों में गिरफ्तार किया गया। इन आरोपियों के पास से 2.034 किलो हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 10 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। क्राइम ब्रांच की टीम ने बताया कि आरोपी के पास से एक स्कूटी भी जब्त की गई, जिसका इस्तेमाल नशीले पदार्थों की सप्लाई के लिए किया जा रहा था।
ड्रग सिंडिकेट पर दिल्ली क्राइम ब्रांच की स्ट्राइक (Photo- iStock)
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच की डब्ल्यूआर-II/द्वारका, सेक्टर-09 यूनिट द्वारा की गई। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि अंशुल राणा नाम का एक ड्रग सप्लायर दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में हेरोइन सप्लाई कर रहा है। इसके आधार पर एक टीम गठित की गई, जिसमें हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम ने सूचना के बाद 31 दिसंबर को क्वींस वैली स्कूल, द्वारका के पास छापा मारा और अंशुल राणा को गिरफ्तार किया। छापेमारी में जब्त आरोपी के बैग से हेरोइन बरामद की हुई।
बरेली के ड्रग्स सप्लायर दिल्ली के गिरफ्तार
जांच में सामने आया कि अंशुल राणा ने यह हेरोइन गंगा प्रसाद से खरीदी थी। गंगा प्रसाद, जो पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, उत्तर प्रदेश के बरेली से हेरोइन की सप्लाई किया करता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गंगा प्रसाद को भी लक्ष्मी नगर, दिल्ली से गिरफ्तार किया।
पुलिस की पूछताछ जारी
आरोपी अंशुल राणा ने पूछताछ में बताया कि वह एक संगठित ड्रग सिंडिकेट का हिस्सा था, जो दिल्ली-एनसीआर में हेरोइन की खरीद-बिक्री करता था। यह सिंडिकेट बरेली से बड़ी मात्रा में हेरोइन खरीदता और फिर उसे दिल्ली में विभिन्न रिटेल विक्रेताओं को सप्लाई करता था।
पुलिस ने ड्रग सिंडिकेट से जुड़े तीन मोबाइल फोन और एक स्कूटी भी जब्त की, जिसका उपयोग हेरोइन की सप्लाई के लिए किया जाता था। गंगा प्रसाद के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें ड्रग्स तस्करी, हत्या और एक्साइज एक्ट के मामले शामिल हैं। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस के लिए एक बड़ी जीत मानी जा रही है। इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
(इनपुट - आईएएनएस)
