Delhi News: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जालसाजी के एक मामले में 12 साल से फरार 62 साल के एक व्यक्ति को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया है जहां उसने पोल्ट्री व्यवसायी के रूप में एक नया जीवन शुरू कर लिया था। अधिकारियों ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि क्राइम न्यूज ने इस मामले को हाल में अपने हाथ में लिया था और उसके मोबाइल नंबर की निगरानी शुरू कर दी थी। यह मामला राजनीतिक दलों और सरकारी अधिकारियों के नाम पर जारी फर्जी लैटरहैड से जुड़ा है। पुलिस ने कहा कि 50,000 रुपये के इनामी मनोहरन कंधासामी को चार अगस्त को नामक्कल जिले के तिरुचेंगोडे के बाहरी इलाके में एक गोदाम से गिरफ्तार किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी पर था 50 हजार का इमाम (प्रतीकात्मक फोटो)
2014 में घोषित हुआ था भगोड़ा अपराधी
क्राइम ब्रांच के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "कंधासामी को 2014 में भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया गया था, जब उसने कथित तौर पर राजनीतिक दलों और सरकारी अधिकारियों के फर्जी लैटरहेड से जुड़े जालसाजी मामले में अदालत के सामने पेश होना बंद कर दिया था।" पुलिस के अनुसार, यह मामला 2007 का है जब हैदराबाद के 65 वर्षीय एक व्यक्ति ने दिल्ली के मंदिर मार्ग थाने में शिकायत की कि एक धर्मशाला में अलमारी में रखे सोने के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी हो गया है। जांच के दौरान पुलिस ने कंधासामी को पकड़ लिया। हालांकि चोरी का माल बरामद नहीं हुआ लेकिन पुलिस को उसके कब्जे से कई मुद्रित और खाली लैटरहैड मिले जो कथित तौर पर राजनीतिक दलों और सरकारी अधिकारियों से संबंधित थे।
गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का था इनाम
अधिकारी ने आगे कहा, "दस्तावेज बाद में फर्जी पाए गए, जिसके बाद 2008 में एक अलग मामला दर्ज किया गया। बाद में मामले को आगे की जांच के लिए दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया। कंधासामी को गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, लेकिन लगभग एक महीने बाद उसे जमानत मिल गई। इसके बाद उसने अदालत में पेश होना बंद कर दिया और भूमिगत हो गया।" शहर की एक अदालत ने 2014 में उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये के इनाम की घोषणा की गई।
ऐसे पकड़ा गया आरोपी
पुलिस ने बताया कि हाल में एक टीम ने इलेक्ट्रॉनिक जानकारी का विश्लेषण किया और एक मोबाइल नंबर की पहचान की जिसे कंधासामी तमिलनाडु में सक्रिय रूप से इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस ने कहा कि एक महीने से अधिक समय तक तकनीकी निगरानी और सत्यापन के बाद, टीम ने तिरुचेंगोडे में उसका पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान कंधासामी ने पुलिस को बताया कि वह जमानत पर रिहा होने के बाद फरार हो गया था क्योंकि उसे दोषसिद्धि और कारावास का डर था। पुलिस अधिकारी ने कहा कि उसने अपना निवास स्थान बदल लिया, अपने पिछले सहयोगियों से संपर्क तोड़ दिया और तमिलनाडु चला गया, जहां वह अपने परिवार के साथ बस गया और पोल्ट्री व्यवसाय करने लगा। उन्होंने बताया कि मूल रूप से कर्नाटक के मंगलुरु का रहने वाला कंधासामी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।
