Delhi News: दिल्ली में भाजपा सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानीवासियों को आधुनिक परिवहन की बड़ी सौगात दी है। रविवार को रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में 500 नई इलेक्ट्रिक बसों और दिल्ली-पानीपत अंतरराज्यीय बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
बसों को हरी झंडी दिखाते प्रवेश वर्मा, पंकज सिंह, रेखा गुप्ता और नितिन नबीन (बाएं से दाएं) चित्र साभार: PTI
सरकार के एक साल पूरा होने पर आयोजित हुआ समारोह
भाजपा नीत सरकार के एक साल पूरे होने पर आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह, PWD मंत्री प्रवेश वर्मा और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली की जनता ने 2025 के विधानसभा चुनावों में विकास की अनदेखी को खत्म कर भाजपा पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में दिल्ली बुनियादी सुविधाओं जैसे पानी, सीवरेज और स्वास्थ्य के लिए तरस रही थी, लेकिन अब दिल्ली फिर से विकास के सपने देख रही है।
केजरीवाल पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पुराने बयानों पर पलटवार करते हुए कहा, "अहंकारी केजरीवाल कहते थे कि उन्हें हराने के लिए पुनर्जन्म लेना पड़ेगा। लेकिन दिल्ली की जनता ने इसी जन्म में और इसी रामलीला मैदान में भाजपा की सरकार बनाकर माहौल बदल दिया।" उन्होंने आगे कहा कि जनता ने यह साबित कर दिया है कि यदि वे किसी को प्यार से सत्ता के शिखर पर बैठा सकते हैं, तो उसे नीचे गिराना भी जानते हैं।
दिल्ली-पानीपत कनेक्टिविटी बन रही है बेहतर
परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने इस अवसर को अपने लिए व्यक्तिगत रूप से भी खास बताया। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन वे विधायक बने थे और सरकार का एक साल पूरा होने पर 500 इलेक्ट्रिक बसों का तोहफा देना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने घोषणा की कि दिल्ली और पानीपत के बीच कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाया जा रहा है ताकि यात्रियों को अंतरराज्यीय सफर में सुगमता हो सके।
प्रदूषण के खिलाफ जंग और 'ग्रीन दिल्ली' का लक्ष्य
भाजपा विधायक अनिल गोयल ने कहा कि इन 500 इलेक्ट्रिक बसों का मुख्य उद्देश्य दिल्ली की जहरीली हवा को साफ करना और पर्यावरण में सुधार लाना है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री और पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन बेड़े को पूरी तरह से इलेक्ट्रिक बनाकर प्रदूषण की समस्या से स्थाई निजात पाई जा सके।
