Delhi News: राजधानी दिल्ली के बदरपुर इलाके में बीती रात दिल्ली पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स और बदमाशों के बीच गोलियां चलीं। इस मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश मोहम्मद सलीम उर्फ 'गंजा' पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया है। आरोपी पर हत्या और लूट जैसे 75 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।
STF के ऑपरेशन में मिली सफलता
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
दक्षिण-पूर्व जिले के डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी के मुताबिक, STF को सटीक इनपुट मिला था कि नासिर और दानिश पहलवान गिरोह का सक्रिय सदस्य मोहम्मद सलीम बदरपुर इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने या किसी से मिलने आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
घेराबंदी देख चलाई गोलियां
जैसे ही पुलिस ने आरोपी को रुकने का इशारा किया, खुद को चारों तरफ से घिरता देख 'गंजा' ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी को लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे काबू में लिया और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। मौके से पुलिस को अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं।
75 से ज्यादा मुकदमों का काला चिट्ठा
मोहम्मद सलीम उर्फ 'गंजा' दिल्ली पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, चोरी और सेंधमारी जैसे 75 से अधिक मामले दर्ज हैं। इतना ही नहीं, वह 20 से अधिक आपराधिक मामलों में फरार चल रहा था।
गैंगस्टर सलीम पहलवान की हत्या में था शामिल
जांच में यह भी सामने आया है कि घायल आरोपी दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर सलीम पहलवान की हत्या की साजिश और वारदात में भी शामिल रहा है। वह वर्तमान में नासिर और दानिश पहलवान गिरोह के लिए काम कर रहा था और इलाके में अपनी दहशत फैलाने की कोशिश में जुटा था।
