Security Breach at Delhi Assembly: दिल्ली विधानसभा में आज यानी सोमवार 6 अप्रैल की दोपहर एक चौंकाने वाली घटना हुई, जब यूपी नंबर की एक कार VIP गेट तोड़कर सीधे विधानसभा परिसर में घुस गई। कार सवार व्यक्ति सीधे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की तरफ बढ़ा और वहां गुलदस्ता रखकर फरार हो गया। इस मामले में अब पुलिस ने कार को बरामद करके आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।
दिल्ली विधानसभा में घुसने वाला शख्स गिरफ्तार
यह घटना आज दोपहर 2.05 बजे हुई, जब यूपी नंबर की एक कार विधानसभा परिसर में घुस गई। कार के इस तरह से VIP गेट को तोड़कर विधानसभा परिसर में घुसने से वहां हड़कंप मच गया। इससे विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे। Delhi Police ने तुरंत मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी, दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। मामले की गंभीरता से चांज की जाने लगी और फिर कुछ ही देर में आरोपी गिरफ्तार भी कर लिया गया।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार आज दोपहर 2.05 बजे जबरन विधानसभा परिसर का गेट नंबर-2 तोड़कर विधानसभा परिसर के अंदर घुस गई। कार ड्राइवर सीधे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर बढ़ा और पोर्च के पास फूलों का गुलदस्ता रख दिया।
दिल्ली विधानसभा की घटना की टाइमलाइन
- दोपहर के 1:32 बजे विधानसभा स्पीकर एजुकेशन विभाग के ऑफिस की तरफ गए
- 20 मिनट के बाद वहां रहने के बाद स्पीकर, अधिकारियों के साथ विधानसभा परिसर में आए
- दोपहर 2:06 बजे स्पीकर अपने ऑफिस के अंदर पहुंचे
- दोपहर करीब 2:10 बजे कार लेकर आरोपी विधानसभा परिसर के अंदर आया, आरोपी के पास एक गुलदस्ता, हार और एक बैग भी था
- अंदर आने के बाद आरोपी स्पीकर की गाड़ी के अंदर बैठा और गुलदस्ता रखा। इसके बाद आरोपी वहाँ से गाड़ी लेकर फरार हो गया
प्रशासन ने इसे संभावित सुरक्षा उल्लंघन मानते हुए जांच शुरू की। पुलिस तुरंत हरकत में आई और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। आरोपी की पहचान के लिए हर संभव प्रयास किया गया और कुछ ही देर में पुलिस ने वह कार बरामद कर ली और आरोपी को भी दिल्ली पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
