Delhi Air Pollution: दीपावली से पहले ही दिल्ली-NCR की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है। कई इलाकों में आज सुबह धुंध की घनी चादर दिखाई दी। बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण लोगों की सेहत पर भी गंभीर संकट मंडराने लगा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, गुरुवार सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 368 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। वहीं, राजधानी के कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया है।
दिवाली से पहले दिल्ली में प्रदूषण की मार
धुंध की चादर में लिपटा इंडिया गेट
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण का असर लगातार बढ़ता जा रहा है, गुरुवार को हवा की गुणवत्ता में काफी गिरावट देखने को मिली।इंडिया गेट के आसपास घनी धुंध छाई रही और स्मॉग की मोटी परत ने इस ऐतिहासिक इमारत को ढक लिया। हालांकि, खराब हवा के बावजूद लोग सुबह की सैर और साइकिलिंग करते नजर आए। तापमान में गिरावट के साथ हर साल दिल्ली और आसपास के एनसीआर इलाकों में प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगता है। दिवाली नजदीक होने के कारण इस बार भी वायु गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है।
दिल्ली में सबसे प्रदूषित हवा वाला इलाका
सुबह 7 बजे दर्ज आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 से ऊपर रहा। इस दौरान सबसे प्रदूषित हवा वाला इलाका जहांगीरपुरी रहा, यहा सबसे अधिक 459 AQI दर्ज किया गया। वहीं, आईआईटी दिल्ली में 447, पंजाबी बाग में 446, डीटीयू में 436 और नरेला में 434 AQI रिकॉर्ड किया गया।
किन इलाकों में AQI 400 के पार
- अलीपुर: 431
- बवाना: 412
- मुंडका: 420
- NIH नरेला: 402
- डीयू नॉर्थ कैंपस: 408
- पटपड़गंज: 405
- पूसा: 408
- आरके पुरम: 416
- रोहिणी: 431
- सिरीफोर्ट: 402
- सोनिया विहार: 422
- विवेक विहार: 434
- डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज: 404
आम आदमी पार्टी ने बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि राजधानी की हवा जहरीली हो चुकी है और कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया है, लेकिन सरकार प्रदूषण रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही है। AAP ने कहा कि सरकार के पास वायु प्रदूषण रोकने की कोई ठोस योजना और जवाबदेही नहीं है। पार्टी ने सवाल उठाया कि दिल्ली के लोगों को साफ हवा में सांस लेने का मौका कब मिलेगा।
