राष्ट्रीय राजधानी में हवा की गुणवत्ता लगभग दो हफ्ते तक ’खराब’ श्रेणी में रहने के बाद रविवार को ’बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने यह जानकारी दी।सीपीसीबी के मुताबिक, दिल्ली में पिछले 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 311 दर्ज किया गया।हवा की गुणवत्ता में यह गिरावट ऐसे समय में आई है, जब राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है।
दिल्ली का प्रदूषण (फाइल फोटो)
मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है, जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।रविवार सुबह दिल्ली के आसमान में धुंध छाई रही। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषण फैलाने वाले कण ठीक से फैल नहीं पाए, जिससे हवा की गुणवत्ता ’बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंच गई।सीपीसीबी के अनुसार, शहर के 59 निगरानी केंद्रों में से 32 में हवा की गुणवत्ता ’खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि 25 में यह ’बहुत खराब’, एक में ’मध्यम’ और एक में ’गंभीर’ श्रेणी में रही।सीपीसीबी ने बताया कि चांदनी चौक में हवा की गुणवत्ता सबसे खराब रही, जहां एक्यूआई 410 दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड पर एक्यूआई 191 रहा, जो ’मध्यम’ श्रेणी में आता है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: Delhi AQI Today: दिल्ली में फिर घुटने लगा दम! AQI 329 'बहुत खराब' श्रेणी में
अगले कुछ दिनों में हवा की गुणवत्ता में कई बार उतार-चढ़ाव देखने को मिला
दिल्ली में वायु गुणवत्ता पिछली बार 14 नवंबर को ’बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई थी, जब एक्यूआई 367 था। हालांकि, 15 नवंबर को इसमें सुधार हुआ और यह 290 एक्यूआई के साथ ’खराब’ श्रेणी में आ गई। 17 नवंबर को वायु गुणवत्ता में और सुधार दर्ज किया गया और एक्यूआई घटकर 204 पर पहुंच गया। अगले कुछ दिनों में हवा की गुणवत्ता में कई बार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। 19 नवंबर को एक्यूआई बढ़कर 280 हो गया, जबकि 22 नवंबर को यह गिरकर 239 पर आ गया। शनिवार को एक्यूआई 293 दर्ज किया गया, जो ’खराब’ श्रेणी में आता है।रविवार को शहर में पीएम2.5 कणों से होने वाले प्रदूषण में वाहन जनित उत्सर्जन की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा रही।पीएम2.5 यानी 2.5 माइक्रोमीटर या उससे कम व्यास वाले सूक्ष्म कण दिल्ली में प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत थे। ये कण फेफड़ों में गहराई तक जा सकते हैं और रक्त प्रवाह में प्रवेश कर अन्य अंगों में भी पहुंच सकते हैं।
दिल्ली के लिए रियल-टाइम स्रोत-आकलन के अनुसार, रविवार को शहर में अनुमानित पीएम2.5 प्रदूषण में वाहनों से होने वाले उत्सर्जन की हिस्सेदारी 28.4 प्रतिशत थी, जबकि द्वितीयक जैविक एरोसोल की हिस्सेदारी 21.1 प्रतिशत, कचरा जलाने की 15.5 प्रतिशत, बायोमास जलाने की 15 प्रतिशत और द्वितीयक अकार्बनिक प्रदूषकों की 12.4 प्रतिशत दर्ज की गई।द्वितीयक जैविक एरोसोल वे सूक्ष्म कण होते हैं, जो वायुमंडल में तब बनते हैं, जब वाहनों और उद्योगों से निकलने वाली गैसें हवा में मौजूद अन्य यौगिकों के साथ प्रतिक्रिया करती हैं।
’वेंटिलेशन इंडेक्स’ 2,500 वर्ग मीटर प्रति सेकंड रहने का अनुमान है
सीपीसीबी के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ’अच्छा’, 51 से 100 के बीच ’संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ’मध्यम’, 201 से 300 के बीच ’खराब’, 301 से 400 के बीच ’बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ’गंभीर’ माना जाता है।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली ने 30 नवंबर को दिल्ली में हवा की गुणवत्ता के ’बहुत खराब’ श्रेणी में बने रहने का अनुमान जताया है, जबकि एक और दो दिसंबर को यह सुधरकर ’खराब’ श्रेणी में आ सकती है।आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली के ऊपर अधिकतम ’मिक्सिंग डेप्थ’ 1,300 मीटर, जबकि ’वेंटिलेशन इंडेक्स’ 2,500 वर्ग मीटर प्रति सेकंड रहने का अनुमान है।
’मिक्सिंग डेप्थ’ वायुमंडल की वह ऊंचाई है, जहां तक जमीन पर निकलने वाले प्रदूषक हवा के साथ ऊपर उठकर फैल और मिल सकते हैं। यह प्रदूषकों के फैलने के लिए उपलब्ध "छत" या जगह की तरह काम करती है।’मिक्सिंग डेप्थ’ कम रहने पर प्रदूषकों के ऊपर उड़ने और फैलने की गति सीमित हो जाती है, जिसके कारण वे जमीन के नजदीक जमा होने लगते हैं।वहीं, ’वेंटिलेशन इंडेक्स’ प्रदूषकों को फैलाने की वायुमंडल की क्षमता का संकेत देता है।आईएमडी के अनुसार, 6,000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड से कम ’वेंटिलेशन इंडेक्स’ और 10 किलोमीटर प्रति घंटा से कम हवा की औसत गति प्रदूषकों के फैलाव के लिए प्रतिकूल मानी जाती है।
अगले छह दिन के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में हवा की गुणवत्ता ’खराब’ से ’बहुत खराब’ श्रेणी में बने रहने की आशंका है। आईएमडी ने बताया कि 30 नवंबर को अधिकतम ’मिक्सिंग डेप्थ’ 1,500 मीटर, एक दिसंबर को 1,350 मीटर और दो दिसंबर को 1,400 मीटर रहने का पूर्वानुमान है।विभाग ने 30 नवंबर को ’वेंटिलेशन इंडेक्स’ 3,000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड, जबकि एक और दो दिसंबर को 2,500 वर्ग मीटर प्रति सेकंड रहने का अनुमान जताया है।
