Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के दतिया जिले से एक खबर सामने आई है, जहां एक सरपंज ने महिला की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी। घटना शनिवार रात जिगना थाना क्षेत्र के बनवास गांव की है, जहां विवाद होने पर एक सरपंच ने इस घटना को अंजाम दिया। घटना में महिला की मौत हो गई, वहीं उसकी भतीजी घायल हो गई, जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने सरपंच और 12 अन्य फरार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
सरपंच से विवाद में महिला की हत्या
मिली जानकारी के अनुसार विवाद को लेकर एक सरपंच ने एक महिला की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि यह घटना शनिवार रात जिगना थाना क्षेत्र के बनवास गांव में हुई। उन्होंने बताया कि गांव के एक व्यक्ति रतिराम यादव और सरपंच अरविंद यादव के भाई रवीन्द्र के बीच उस वक्त झगड़ा हो गया, जब वे साथ बैठकर शराब पी रहे थे।
12 लोगों पर FIR
अधिकारी ने बताया कि कुछ ग्रामीणों ने उस समय उन्हें शांत करा दिया था लेकिन बाद में सरपंच और उसके साथी रतिराम के घर पहुंचे और गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में रतिराम की पुत्रवधू अहिल्या की मौत हो गई और उनकी भतीजी घायल हो गई जिसका जिला अस्पताल में इलाज हो रहा है। अधिकारी ने बताया कि सरपंच और 12 अन्य फरार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है तथा उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
