Cuttack News: मानसून के लौटने के समय बने दो नए मौसमी सिस्टमों से गई बारिश लौट आई है। आंधी-बारिश का यह दौर ओडिशा के कटक में एक बड़े हादसे का कारण बन सकता था लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। ओडिशा के कटक में बुधवार की दोपहर दुर्गा पूजा समारोह के दौरान बड़ा हादसा टल गया। कॉलेज स्क्वायर में पूजा के लिए बनाया गया विशाल सजावटी लाइट गेट भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण अचानक ढह गया।
आंधी से टूटा गेट
40 फीट ऊंचा लाइट गेट ढहा
जानकारी के मुताबिक, रैवेनशॉ यूनिवर्सिटी के सामने करीब 30 से 40 फीट ऊंची यह लाइट गेट, जिसे बांस के खंभों और लाइटों से सजाकर तैयार किया गया था ढह गया। सुबह से ही इस गेट में हल्का झुकाव देखा जा रहा था, लेकिन दोपहर तक तेज हवाओं के दबाव में यह टूट गया।
समय रहते खाली कराया गया इलाका
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि हादसे से कुछ ही समय पहले ट्विन सिटी कमिश्नरेट पुलिस को गेट के झुकने की सूचना मिली थी। पुलिस और आयोजकों ने तुरंत इलाके को खाली करा दिया, जिसकी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।
मौसम की मार से पूजा पंडालों पर असर
ओडिशा में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं ने दुर्गा पूजा के पंडालों और सजावट पर असर डालना शुरू कर दिया है। कई जगहों पर लाइट गेट और सजावट के हिस्से गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने आज भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है।
