Bokaro News: झारखंड के बोकारो जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। बेरमो अनुमंडल के कथारा ओपी क्षेत्र स्थित कथारा कोलियरी के नंबर-5 स्टॉकयार्ड में कोयले का भारी ढेर अचानक धंस गया। इसकी चपेट में आने से सात लोग दब गए। जिनमें से तीन महिलाओं की मौत हो गई। ये सभी लोग स्थानीय ग्रामीण बताए जा रहे हैं, जो जलावन के लिए रिजेक्ट कोयला निकालने पहुंचे थे। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
बोकारो की कथारा कोलियरी में कोयले का ढेर धंसा
जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 4:45 बजे हुआ। उस समय छह महिलाएं और एक पुरुष कथारा कोलियरी में काम कर रहे थे और स्टॉकयार्ड में कोयला निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर जमा कोयले का बड़ा ढेर भरभराकर नीचे धंस गया। यह सब इतना जल्दी हुआ कि वहां मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और सभी मलबे की चपेट में आकर दब गए।
सीसीएल अस्पताल ले जाए गए सभी घायल
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दबे हुए लोगों को बाहर निकाला गया। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सीसीएल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां तीन महिलाओं को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतकों में कौशल्या देवी और पुष्पा देवी की पहचान हुई है, जबकि तीसरी महिला का नाम फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि तीनों महिलाएं बांध बस्ती की रहने वाली थीं।
पुलिस और सीसीएल प्रबंधन मौके पर मौजूद
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और सीसीएल प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। दोनों की ओर से जरूरी कार्रवाई की जा रही है। बेरमो के एसडीपीओ रवींद्र सिंह ने हादसे की जानकारी दी है। फिलहाल घायलों की स्थिति और कोयले का ढेर धंसने के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
