मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद भगत सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं के नाम ‘पाती’ लिखकर उनसे भगत सिंह के जीवन, साहस और राष्ट्रनिष्ठा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह ने महज 23 साल की अल्पायु में मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था। उनकी जयंती युवाओं के लिए राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए अपने संकल्प को नई ऊर्जा देने का अवसर है।
सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)
भगत सिंह के जीवन से सीख लेने की अपील
मुख्यमंत्री ने युवाओं से जाति-पांति, नशा और अन्य सभी तरह की सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए भगत सिंह के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि भगत सिंह हिंदी, उर्दू, पंजाबी और अंग्रेजी समेत कई भाषाओं के ज्ञाता थे। उनके जीवन से युवाओं को ज्ञान को अपनी शक्ति बनाने और सीखने की ललक बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है। अपने संदेश में सीएम योगी ने युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए एक स्पष्ट सूत्र दिया- "ज्ञान को कौशल, कौशल को संकल्प और संकल्प को कर्म से जोड़ें।" उन्होंने कहा कि जब ज्ञान कौशल से जुड़ता है तो युवा अपनी प्रतिभा को वास्तविक सामर्थ्य में बदलकर अपने सपनों को साकार कर सकता है।
युवाओं के लिए सरकार की योजनाएं और प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी का अवसर मिल रहा है। वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को खुद का उद्यम स्थापित करने और रोजगार सृजन के लिए एक मजबूत आधार प्रदान कर रही है। सीएम ने कहा कि स्टार्टअप नीति के जरिए नवाचार (Innovation) और उद्यमशीलता को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।
हर जिले में आधुनिक पुस्तकालय
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के हर जनपद में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जा रही है। युवाओं को इसका अधिकाधिक लाभ उठाना चाहिए। एक पुस्तक नया विचार देती है और एक नया विचार पूरे समाज को दिशा दे सकता है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से पुस्तकों को अपना मित्र बनाने, सवाल पूछने, नए विचारों को जानने और अपनी जिज्ञासा को लगातार जीवित रखने का आग्रह किया।
अंत में, मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि आइए हम सब मिलकर भगत सिंह के सपनों के अनुरूप एक ज्ञानवान, संस्कारवान और सामर्थ्यवान उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाएं।
