सीएम योगी ने दी गोंडा को 516 करोड़ की सौगात; कहा- तुष्टिकरण, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति के चलते विकास से वंचित रहा जिला

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा दौरे के दौरान 516 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, निवेश, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

CM Yogi Adityanath Gonda Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा दौरे के दौरान कहा कि उत्तर प्रदेश में अब वह दौर समाप्त हो चुका है, जब त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान उपद्रव और तनाव की घटनाएं आम बात हुआ करती थीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगाइयों और अराजक तत्वों के हौसले बुलंद थे, लेकिन अब कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाती है। शनिवार को मुख्यमंत्री ने गोंडा जिले के कटरा और करनैलगंज विधानसभा क्षेत्रों में कुल 516 करोड़ रुपये की लागत वाली 262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए, बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।

CM Yogi Aditynath In Gonda Today (Photo- Twitter: @myogiadityanath​)

आज गोंडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फोटो- Twitter: @myogiadityanath)

विकास और निवेश के लिए सुरक्षित वातावरण जरूरी

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास और निवेश के लिए सुरक्षित वातावरण आवश्यक है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश पहचान और विकास के संकट से जूझ रहा था, जबकि आज राज्य के सभी जिलों, तहसीलों, विकास खंडों और ग्राम पंचायतों तक सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव पहुंच रहा है। उन्होंने गोंडा के युवाओं, किसानों, महिलाओं, कारीगरों और हस्तशिल्पियों की सराहना करते हुए कहा कि जिले की प्रतिभा और परिश्रम ने प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लंबे समय तक तुष्टिकरण, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति के कारण गोंडा अपेक्षित विकास से वंचित रहा। इसके चलते युवाओं के सामने रोजगार और पहचान का संकट उत्पन्न हुआ। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश की छवि देशभर में बदली है और यहां के युवाओं को सम्मान तथा अवसर दोनों मिल रहे हैं।

End of Feed