शहर

कौन हैं जीएस मलिक? जो गुजरात के नए पुलिस महानिदेशक बने; केएलएन राव की लेंगे जगह

Gujarat News: वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी जी.एस. मलिक को गुजरात का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया गया है। वह के.एल.एन राव की जगह लेंगे।

Image

गुजरात के नए डीजीपी जीएस मलिक

Photo : PTI

Gujarat News: गुजरात से शनिवार को एक बड़ी खबर सामने आई। वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी जी.एस. मलिक को गुजरात का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया गया है। वह के.एल.एन राव की जगह लेंगे।

गुजरात को 5 साल बाद मिला DGP

जी.एस. मलिक साल 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और उनके कार्यभार संभालने के साथ ही गुजरात को करीब पांच महीने के लंबे इंतजार के बाद स्थायी डीजीपी मिल गया। इस बीच, के.एल.एन. राव सीआईडी क्राइम और जेल विभाग के डीजी के रूप में अपनी सेवाएं जारी रखेंगे। एक जनवरी से अभी तक के.एल.एन राव गुजरात के कार्यवाहक डीजीपी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। जी.एस. मलिक हाल के सालों में दूसरे अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर हैं, जो डीजीपी बनाए गए हैं। इससे पहले, आशीष भाटिया डीजीपी बने थे।

कौन हैं जी.एस. मलिक?

1993 बैच के आईपीएस अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह मलिक मूल रूप से हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले हैं। बीएचयू से इंजीनियरिंग और गुजरात विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई करने वाले मलिक गुजरात पुलिस के सबसे अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं।

उन्होंने छह जिलों में एसपी, चार रेंज के आईजी, सीआईडी क्राइम, सीआईडी इंटेलिजेंस, एसीबी, गृह विभाग और केंद्र में बीएसएफ तथा सीआईएसएफ में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर के रूप में उनके कार्यकाल में चंडोला झील क्षेत्र का बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान, अवैध बांग्लादेशियों के खिलाफ कार्रवाई और शहरभर में सीसीटीवी नेटवर्क विस्तार जैसे अभियान चर्चा में रहे।

अहमदाबाद का अगला कमिश्नर कौन?

जी.एस. मलिक की नियुक्ति के बाद, अब जल्द ही अहमदाबाद को भी नया पुलिस कमिश्नर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों में कुछ नाम प्रमुख दावेदारों के रूप में देखे जा रहे हैं। इनमें 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी राजकुमार पांडिया का नाम सबसे मजबूत माना जा रहा है। वर्तमान में वे गुजरात में डीजीपी (लॉ एंड ऑर्डर), गांधीनगर के पद पर कार्यरत हैं। उनके पास जीयूवीएनएल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर तथा एडीजीपी (SC/ST, Human Rights & Social Justice) का अतिरिक्त प्रभार भी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article