मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की चौथी नई यूनिट का शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इस यूनिट का उद्घाटन किया। इस मौके पर नई इकाई के शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और मालनपुर से गोदरेज के उत्पादों की सप्लाई देशभर में की जाएगी। बता दें कि कंपनी ने इस विस्तार में 450 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है।
मोहन यादव ने किया शुभारंभ।
इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कि मालनपुर में स्थापित यह इकाई एशिया की सबसे बड़ी साबुन निर्माण इकाइयों में शामिल होगी। यहां प्रति मिनट करीब 4 हजार साबुन का उत्पादन होगा। उन्होंने कहा कि चंबल क्षेत्र की पहचान अब केवल पुराने समय की समस्याओं से नहीं, बल्कि उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसरों से बन रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मध्य प्रदेश में बदलाव हो रहा है।
सीएम ने कहा कि सरकार ने केवल निवेश के लिए एमओयू नहीं किए, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारने का काम किया है। उनके मुताबिक मध्य प्रदेश में 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश अलग-अलग स्तरों पर मूर्त रूप ले रहे हैं और कई उद्योगों में उत्पादन भी शुरू हो चुका है। राज्य की विदेशी निर्यात क्षमता बढ़कर 76 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि मालनपुर में गोदरेज की पांचवीं यूनिट भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने कंपनी से स्थानीय युवाओं के कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि करीब आठ-दस महीने पहले जिस एलिक्सर इंडस्ट्रीज प्लांट का भूमि-पूजन किया गया था, उसका लोकार्पण भी जल्द किया जाएगा।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि चंबल क्षेत्र में तेजी से औद्योगिक निवेश बढ़ रहा है और इससे प्रधानमंत्री मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ के संकल्प को मजबूती मिल रही है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा कि गोदरेज की नई यूनिट से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की एग्जीक्यूटिव चेयरपर्सन निसाबा गोदरेज ने बताया कि मालनपुर से कंपनी का रिश्ता करीब 35 साल पुराना है। उनके पिता आदि गोदरेज ने 1991 में यहां साबुन निर्माण की यूनिट शुरू की थी। कंपनी ने मलेरिया और अन्य मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता भी जताई। कंपनी के मुताबिक मालनपुर में करीब 70 एकड़ क्षेत्र में संचालित इकाइयों में अब तक कुल 850 करोड़ रुपये का निवेश हो चुका है।
