शहर

Gujarat News: वडोदरा में नामांकन वापसी पर बवाल; भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प, पंचायत ऑफिस बना अखाड़ा

गुजरात के वडोदरा जिले के दबोई में नामांकन वापसी की प्रक्रिया के दौरान चुनावी माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच शुरू हुई बहस जल्द ही धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई।

Image

झड़प के दौरान भाजपा-कांग्रेस के कार्यकर्ता

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Dabhoi BJP vs Congress Clash: चुनाव आते ही लोकतंत्र कभी-कभी बहस से सीधे भिड़ंत में बदल जाता है और गुजरात के वडोदरा के दबोई में आज कुछ ऐसा ही देखने मिला। दबोई तालुका पंचायत कार्यालय में नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया चल रही थी, तभी माहौल अचानक गरमा गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। शुरुआत बहस से हुई और फिर धक्का-मुक्की। देखते ही देखते मामला खुलेआम मारपीट में बदल गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे थे कि उम्मीदवारों पर फॉर्म वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है।

पंचायत कार्यालय में अफरातफरी का माहौल

कार्यालय में मौजूद अधिकारियों ने पहले हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन जब आवाजें ऊंची और हाथ और तेज हो गए, तो पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को काबू में लिया। घटना में कुछ कार्यकर्ताओं को हल्की चोटें आने की जानकारी सामने आई है। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पंचायत कार्यालय में अफरातफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए कामकाज भी ठप हो गया। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और वीडियो फुटेज के आधार पर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डभोई के विधायक के साथ भी धक्का-मुक्की की घटना

बताया जा रहा है कि, दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं कि उम्मीदवारों पर नामांकन वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी दौरान स्थिति और तब गर्म हो गई जब डभोई के विधायक शैलेश मेहता के साथ भी धक्का-मुक्की की घटना सामने आई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। नामांकन वापसी जैसी संवेदनशील प्रक्रिया के दौरान हुई इस घटना ने चुनावी माहौल को और ज्यादा गरमा दिया है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article