Chittorgarh News: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। शुक्रवार को एक महिला ने अपने ही पति की कथित तौर पर हत्या कर दी और उसके बाद कुएं में कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि समय रहते मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने महिला को बचा लिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने पति की हत्या और आत्महत्या करने का प्रयास का मामला दर्ज करते हुए महिला को हिरासत में ले लिया है।
चित्तौड़गढ़ में पत्नी ने पति को उतारा मौत के घाट
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला ने अपने पर पति पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पति की हत्या के बाद महिला पास के कुएं में छलांग लगा दी। अधिकारी ने आगे बताया कि महिला को कुएं में कूदता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रस्सी की मदद से उसे कुएं से बाहर निकाला। पुलिस की टीम ने मृत व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और महिला से हत्या को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस जानने का प्रयास कर रही है कि महिला ने अपने पति की हत्या क्यों की।
महिला ने क्यों की पति की हत्या?
पुलिस उपाधीक्षक (Deputy Superintendent) शंकर लाल मीणा ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान लाड बाई के रूप में हुई है और मृत व्यक्ति की पहचान मोहन गुर्जर के रूप में हुई, जिसकी उम्र 45 वर्ष बताई जा रही है। मामले की जांच के लिए पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, महिला पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थी। लेकिन हत्या की सही वजह अभी सामने नहीं आ पाई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है और जल्द से जल्द इस हत्या के पीछे की वजह भी सामने आ जाएगी। फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ में जुटी हुई है।
(इनपुट - भाषा)
