पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में पलवल से एक Youtuber गिरफ्तार, पूछताछ जारी

Haryana News: हरियाणा के पलवल से पाकिस्तान को खुफिया जानकारी देने के आरोप में पुलिस ने वसीम नामक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि तौफीक से पूछताछ के बाद वसीम की गिरफ्तारी हुई। वसीम को पूछताछ के लिए अदालत से रिमांड पर लिया गया है।

Haryana news: हरियाणा के पलवल में पुलिस ने पाकिस्तान को खुफिया जानकारी देने के आरोप में एक और युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हथीन उपमंडल के कोट गांव निवासी वसीम के रूप में हुई है, जो एक यूट्यूब चैनल भी चलाता है। जासूसी के आरोप में पकड़े गए तौफीक से पूछताछ के बाद वसीम को 26 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। सीआईए पलवल प्रभारी पीएसआई दीपक गुलिया के नेतृत्व में टीम ने यह बड़ी कार्रवाई की और पाकिस्तान को खुफिया जानकारी देने वाले युवक को गिरफ्तार किया।

पाकिस्तानी दूतावास के अधिकारियों से था संपर्क

पुलिस अधिकारी ने बताया कि वसीम के पिता गांव में एक अस्पताल चलाते हैं और उनकी रिश्तेदारी पाकिस्तान में है। वसीम यूट्यूब चैनल के साथ अपने पिता की अस्पताल में मदद करता था। वसीम साल 2021 में पाकिस्तान जाने के लिए वीजा बनवाने पाकिस्तान दूतावास गया था। उसी दौरान वहां तैनात दानिश और एक अन्य कर्मचारी के संपर्क में आया था। पिछले चार साल से वसीम इन अधिकारियों के साथ व्हाट्सएप के जरिए लगातार संपर्क में था। अधिकारी ने आगे बताया कि उन्हें वसीम के फोन से कुछ व्हाट्सएप चैट मिली हैं, जबकि कई चैट्स उसने डिलीट कर दी थीं। वसीम पर दिल्ली जाकर पाकिस्तानी अधिकारियों को एक सिम कार्ड मुहैया कराने का भी आरोप है। इस बीच, वसीम के परिजनों ने दावा किया है कि वह कभी पाकिस्तान नहीं गया।

End of Feed