चण्डीगढ़

होशियारपुर में मासूम की हत्या के बाद सिख संगठनों और स्थानीय लोगों ने निकाला रोष मार्च; हरबीर को दी गई अंतिम श्रद्धांजलि

होशियारपुर में पांच साल के मासूम हरबीर की निर्मम हत्या ने पूरे पंजाब को झकझोर कर रख दिया है। गुरुद्वारा सिंह सभा में अंतिम भोग अर्पित कर उसे श्रद्धांजलि दी गई, जबकि सिख संगठनों और स्थानीय लोगों ने रोष मार्च निकालकर न्याय की मांग की। इस घटना ने समाज में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Image

होशियारपुर में हरबीर की हत्या के बाद लोगों ने निकाला रोष मार्च (प्रतीकात्मक फोटो: Canva)

Hoshiarpur Child Murder: होशियारपुर में 5 साल के मासूम बच्चे हरबीर की निर्मम हत्या ने पूरे पंजाब में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। 9 सितंबर को हरबीर का अपहरण कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आज, गुरुद्वारा सिंह सभा में हरबीर का अंतिम भोग डाला गया और उसे श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दुखद घटना ने न केवल हरबीर के परिवार, बल्कि पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। अंतिम भोग के बाद, सिख संगठनों और स्थानीय लोगों ने प्रवासी लोगों के खिलाफ रोष मार्च निकाला, जिसमें सख्त कानून बनाने और हरबीर के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई।

हरबीर के परिवार का दर्द असहनीय है। उसके पिता अमनदीप ने कहा, “मेरे बच्चे के साथ जिसने यह घिनौना काम किया, उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए।” परिवार ने बताया कि आरोपी उनके पड़ोस में एक फल और सब्जी की दुकान पर काम करता था और उसने पहले से ही उनके घर की रेकी की थी। स्थानीय लोगों ने भी पुष्टि की कि आरोपी को पहले कई बार हरबीर के घर के आसपास देखा गया था। श्रद्धांजलि सभा और रोष प्रदर्शन के दौरान हरबीर के पिता मां और छोटी बहन भी मौजूद रहे।

इस घटना ने प्रवासी लोगों की पृष्ठभूमि की जांच और वेरिफिकेशन के लिए सख्त कानून की मांग को और तेज कर दिया है।होशियारपुर की सड़कों पर रोष प्रदर्शन में सैकड़ों लोग शामिल हुए। सिख संगठनों के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में लोग हरबीर के लिए न्याय की मांग करते हुए नारे लगा रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सरकार को तुरंत कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने मांग की कि प्रवासियों के लिए कड़े वेरिफिकेशन नियम लागू किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। यह घटना केवल होशियारपुर तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे पंजाब में लोगों का गुस्सा प्रवासियों के खिलाफ फूट पड़ा है। हरबीर की हत्या ने समाज में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। लोग चाहते हैं कि हरबीर के परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिले और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। हरबीर की यादें उसके परिवार और समुदाय के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगी। इस रोष मार्च और प्रदर्शन के जरिए लोग न केवल हरबीर को श्रद्धांजलि दी, बल्कि यह संदेश भी दिया कि ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article